Edited By Seema Sharma,Updated: 31 Mar, 2019 11:55 AM
लोकसभा चुनाव के लिए जहां नेताओं की दलों में अदला-बदली का सिलसिला जारी है वहीं सबकी निगाहें इस ओर भी हैं कि क्या दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस एक साथ आएंगी।
नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव के लिए जहां नेताओं की दलों में अदला-बदली का सिलसिला जारी है वहीं सबकी निगाहें इस ओर भी हैं कि क्या दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस एक साथ आएंगी। कांग्रेस और आप के गठबंधन को लोकर अभी तक सस्पेंस जारी है। कांग्रेस ने आप से गठबंधन को लेकर अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं। इसी बीच दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित ने रविवार को साफ किया कि आज शाम तक या फिर सोमवार तक तस्वीर साफ हो जाएगी कि दिल्ली में आप और कांग्रेस साथ आएंगे या नहीं।
शीला ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि कुछ ही घंटों की बात है, थोड़ा इंतजार रखिए, फैसला जल्द आप लोगों के सामने होगा। वहीं खबरें हैं कि शीला दीक्षित गठबंधन पर मान गई हैं और ऐसे में आप और कांग्रेस साथ आ सकती है। इससे पहले वे गठबंधन के खिलाफ थीं। आप से गठबंधन को लेकर कांग्रेस दो धड़ों में बंट गई थी। एक तरफ शीला दीक्षित का खेमा था तो दूसरी तरफ अजय माकन का।
वहीं आप दिल्ली में अपने उम्मदीवारों के नामों की लिस्ट जारी कर चुकी है। इससे पहले दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल कई बार राहुल गांधी को दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में गठबंधन को लेकर ऑफर दे चुके हैं लेकिन कांग्रेस की तरफ से ही हर बार कोई न कोई रूकावट खड़ी हो जाती थी। पहले अजय माकन भी गठबंधन के खिलाफ थे लेकिन बाद में वे भी इसके समर्थन में उतर आए। अब फैसला राहुल गांधी के हाथ में हैं।