Edited By ,Updated: 20 Dec, 2016 08:36 AM
मुंबई निकाय चुनाव की दौड़ में शिवसेना ने अपनी सहयोगी भाजपा पर नया निशाना साधते हुए
मुंबई: मुंबई निकाय चुनाव की दौड़ में शिवसेना ने अपनी सहयोगी भाजपा पर नया निशाना साधते हुए आज उसे कहा कि वह ‘विकास विजन’ की बातें अपने तक सीमित रखे और दूसरों को उपदेश न दे। फिलहाल इस समृद्ध शहरी निकाय पर शिवसेना का नियंत्रण है।
भाजपा को निशाने पर लिया
शिवसेना ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की उस हालिया टिप्पणी को लेकर भाजपा को निशाने पर लिया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि बृहन्मुंबई महानगरपालिका चुनाव के लिए गठबंधन तभी होगा, जब विकास को लेकर भाजपा का विजन शिवसेना को स्वीकार्य होगा। इस पर शिवसेना ने कहा, ‘कानून एवं व्यवस्था, भ्रष्टाचार और नोटबंदी के मामलों में भाजपा का विजन विफल रहा है।’
करोड़ों लोगों को किया बेरोजगार
शिवसेना के मुखपत्र ‘सामना’ में छपे एक संपादकीय में कहा गया, ‘कम से कम छत्रपति शिवाजी और शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे के महाराष्ट्र को ऐसे किसी विजन की जरूरत नहीं है। केंद्र के नोटबंदी के विजन ने वित्तीय अराजकता पैदा कर दी है और करोड़ों लोगों को बेरोजगार कर दिया है। कोई सरकार के सामने सवाल उठा रहा है तो उसे राष्ट्र-विरोधी करार दे दिया जा रहा है।’