Edited By Pardeep,Updated: 13 May, 2026 11:16 PM

गुजरात के अहमदाबाद में एक मशहूर ज्वेलरी शोरूम में करोड़ों की चोरी का ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसे देखकर पुलिस भी दंग रह गई है। शोरूम में काम करने वाली एक महिला कर्मचारी ने बड़ी ही बेखौफ अंदाज में करीब 1.5 करोड़ रुपये के गहने पार कर दिए।
अहमदाबाद: गुजरात के अहमदाबाद में एक मशहूर ज्वेलरी शोरूम में करोड़ों की चोरी का ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसे देखकर पुलिस भी दंग रह गई है। शोरूम में काम करने वाली एक महिला कर्मचारी ने बड़ी ही बेखौफ अंदाज में करीब 1.5 करोड़ रुपये के गहने पार कर दिए। चौंकाने वाली बात यह है कि पूरी वारदात के दौरान महिला के चेहरे पर रत्ती भर भी डर नहीं था, बल्कि वह मुस्कुराते हुए ट्रे से गहने खाली करती नजर आई।
जेब में भरती रही सोना, सीसीटीवी ने खोला राज
हैरान कर देने वाला यह पूरा घटनाक्रम शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है। वीडियो फुटेज में साफ दिख रहा है कि आरोपी सेल्सगर्ल गहनों की ट्रे को खंगाल रही है और बड़े ही शातिर तरीके से सोने के गहनों को निकालकर अपनी जेब में डाल रही है। वह एक के बाद एक कई ट्रे खंगालती रही और बेखौफ होकर कीमती सामान अपनी जेबों में भरती रही।

मंगलसूत्र से लेकर पायल तक... सब ले उड़ी
जानकारी के मुताबिक, आरोपी महिला शोरूम से अंगूठियां, सोने की चेन, मंगलसूत्र और पायल जैसे कई कीमती आभूषण चोरी कर ले गई है। बताया जा रहा है कि यह महिला पिछले 11 महीनों से इसी शोरूम में सेल्सगर्ल के तौर पर काम कर रही थी, जिसकी वजह से वह स्टोर की हर व्यवस्था से अच्छी तरह वाकिफ थी। फिलहाल आरोपी महिला शोरूम से फरार है।

हिसाब में गड़बड़ी होने पर खुली पोल
चोरी की इस बड़ी वारदात का खुलासा तब हुआ जब शोरूम के हिसाब-किताब में गहनों का मिलान नहीं हुआ और बड़ी गड़बड़ी पाई गई। इसके बाद जब शोरूम मैनेजर ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की, तो महिला की काली करतूत सबके सामने आ गई।
पुलिस कर रही सरगर्मी से तलाश
गुजरात पुलिस ने इस मामले में शिकायत दर्ज कर ली है और आरोपी महिला के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने महिला की तलाश में छापेमारी तेज कर दी है और दावा किया है कि जल्द ही उसे सलाखों के पीछे पहुँचाया जाएगा।