Edited By Pardeep,Updated: 28 Oct, 2018 09:27 PM
कर्नाटक में जद एस-कांग्रेस की गठबंधन सरकार के गिरने की आशंका व्यक्त करने की भाजपा की टिप्पणियों पर पलटवार करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने रविवार को कहा कि भगवा पार्टी अपने पिछले कर्मों की वजह से राज्य में पहले से ही ‘कोमा’ में है। उन्होंने...
बेंगलुरुः कर्नाटक में जद एस-कांग्रेस की गठबंधन सरकार के गिरने की आशंका व्यक्त करने की भाजपा की टिप्पणियों पर पलटवार करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने रविवार को कहा कि भगवा पार्टी अपने पिछले कर्मों की वजह से राज्य में पहले से ही ‘कोमा’ में है।
उन्होंने भाजपा को ‘ ऑपरेशन लोटस’ में लिप्त होने के खिलाफ चेताया भी। सिद्धारमैया राज्य में जद एस -कांग्रेस गठबंधन समन्वय समिति के प्रमुख हैं। ‘ऑपरेशन लोटस’ का मतलब भाजपा द्वारा 2008 में तत्कालीन सरकार की स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए विपक्ष के विधायकों को दल बदलने के लिए कथित रूप से लालच देने से है। तब मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा थे।
उन्होंने एक ट्वीट में कहा कि येदियुरप्पा (अब प्रदेश भाजपा प्रमुख) ने एक बार बयान दिया था कि सरकार गिर जाएगी। कई ऑपरेशनों के बावजूद कमल (भाजपा का चुनाव चिन्ह) कर्नाटक में कोमा में है। अब फिर से ‘ऑपरेशन लोटस’ में अपने हाथ अजमाने का दुस्साहस ना करें। कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा राज्य में विपक्षी पार्टी ही रहेगी।
सिद्धरमैया का यह ट्वीट येदियुरप्पा और अन्य भाजपा नेताओं द्वारा बार-बार की गई टिप्पणी की प्रतिक्रिया में आया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और अन्य नेताओं ने इस साल मई में एच डी कुमारस्वामी की अगुवाई में बनी जदएस-कांग्रेस गठबंधन सरकार की स्थिरता को लेकर आशंका व्यक्त की हैं।