Edited By Punjab Kesari,Updated: 31 Aug, 2017 10:22 PM
श्रीलंका के जल क्षेत्र में कथित तौर पर मछली पकडऩे को लेकर गिरफ्तार किए गए तमिलनाडु...
रामेश्वरम: श्रीलंका के जल क्षेत्र में कथित तौर पर मछली पकडऩे को लेकर गिरफ्तार किए गए तमिलनाडु के 76 मछुआरों को रिहा करने के लिए वहां की एक अदालत ने वीरवार को आदेश जारी किया। पुलिस अधिकारियों ने यहां बताया कि श्रीलंका में ओरकावलथुरई अदालत ने मछुआरों को रिहा करने का आदेश दिया। इस साल तीन महीनों के दौरान अलग - अलग मौकों पर गिरफ्तार किए गए इन मछुआरों को जाफना की एक जेल में रखा गया था।
रिहा होने वाले मछुआरों में रामेश्वरम से 12, मंडपम से छह, पुडुकोट्टई से 46 और नागपट्टनम से आठ लोग हैं। रामेश्वरम मछुआरा एसोसिएशन प्रमुख एस अमृत ने बताया कि इन मछुआरों के एक - दो दिन में करईकल पहुंचने की उम्मीद है। उनकी रिहाई ऐसे समय पर हो रही है जब विदेश मंत्री सुषमा स्वराज दो दिवसीय हिंद महासागर सम्मेलन में शरीक होने के लिए कोलंबो की यात्रा पर हैं। यह सम्मेलन आज से हो रहा है। मछुआरा एसोसिएशन सूत्रों ने बताया कि चार मछुआरे अब भी जाफना जेल में हैं। इस बीच, मत्स्य पालन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि श्रीलंका के जल क्षेत्र में कथित तौर पर मछली पकडऩे को लेकर अलग - अलग घटनाओं में तमिलनाडु के आठ मछुआरे और उनकी दो नौकाएं पकड़ ली गई।