Edited By vasudha,Updated: 11 Aug, 2020 09:15 AM
अमेरिका में पढ़ाई करने वाली एक होनहार लड़की छेड़छाड़ का शिकार हो गई। मनचलों की शर्मनाक हरकत के चलते उसे अपनी जान गंवानी पड़ी। 4 करोड़ रुपये की स्कॉलरशिप हासिल करने वाली युवती की सड़क हादसे में उस वक्त मौत हो गई जब बुलेट सवार युवक छेड़छाड़ कर रहे थे...
नेशनल डेस्क: अमेरिका में पढ़ाई करने वाली एक होनहार लड़की छेड़छाड़ का शिकार हो गई। मनचलों की शर्मनाक हरकत के चलते उसे अपनी जान गंवानी पड़ी। 4 करोड़ रुपये की स्कॉलरशिप हासिल करने वाली युवती की सड़क हादसे में उस वक्त मौत हो गई जब बुलेट सवार युवक छेड़छाड़ कर रहे थे।
यह दर्दनाक घटना घटी है उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में। कोरोना संकट के चलते घर लौटी सुदीक्षा भाटी अपने चाचा के साथ स्कूटी पर जा रही थी तभी रास्ते में बुलेट सवार कुछ युवकों ने उसके साथ छेड़खानी शुरू कर दी। वह बार-बार स्कूटी को ओवरटेक कर सुदीक्षा को तंग करने लगे। इसी बीच युवक ने अचानक ब्रेक मार दिया जिससे छात्रा और उसके चाचा सड़क पर गिर गए।
इस हादसे में सुदीक्षा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया व उसके चाचा को गंभीर चोटें आई। इस होनहार लड़की ने पिछले साल इंटरमीडिएट में बुलंदशहर जनपद को टॉप किया था। HCL की तरफ से 3 करोड़ 80 लाख रुपये की स्कॉलरशिप दिए जाने के बाद वह अमेरिका में उच्च शिक्षा ग्रहण करने चली गई थी। कोरोना संक्रमण के चलते वो जून के पहले हफ्ते में अमेरिका से वापस आई थीं।
सुदीक्षा को 20 अगस्त को अमेरिका वापस जाना था लेकिन उसे क्या पता था कि उसका सपना इस तरह मर जाएगा। पुलिस ने छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात बाइकर्स के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर ली गई है। इस घटना से एक बार फिर कानून-व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई है।