Edited By Ramanjot,Updated: 04 Oct, 2026 12:00 PM

ठाणे जिले के भिवंडी के रहने वाले शिकायतकर्ता (46) ने बताया कि उसकी बेटी कल्याण रेलवे स्टेशन के पास एक अकादमी में पुलिस की नौकरियों के लिए भर्ती-पूर्व प्रशिक्षण ले रही थी।
ठाणे: पुणे में प्रतियोगी परीक्षा अकादमी के एक शिक्षक के खिलाफ एक ऑटो-रिक्शा चालक से उसके बच्चों को महाराष्ट्र पुलिस और भारतीय नौसेना में नौकरी दिलाने का वादा करके 10 लाख रुपए की ठगी करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
ठाणे जिले के भिवंडी के रहने वाले शिकायतकर्ता (46) ने बताया कि उसकी बेटी कल्याण रेलवे स्टेशन के पास एक अकादमी में पुलिस की नौकरियों के लिए भर्ती-पूर्व प्रशिक्षण ले रही थी। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि अकादमी के एक शिक्षक ने शिकायतकर्ता की बेटी को महाराष्ट्र पुलिस में नौकरी और उसके बेटे को भारतीय नौसेना में शुरुआती स्तर का पद दिलाने का वादा करके उससे 10,30,000 रुपए ले लिए। आरोपी ने बाद में न तो उन बच्चों के लिए नौकरी सुनिश्चित कीं और न ही पैसे लौटाए।
अधिकारी ने कहा कि शिकायत के आधार पर, पुलिस ने एक अक्टूबर को आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2) (आपराधिक विश्वासघात) और 318(4) (धोखाधड़ी) के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी शिक्षक फिलहाल फरार है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच साइबर प्रकोष्ठ को सौंप दी गयी है।