ओला कैब में हुआ बच्चे का जन्म, कंपनी ने मां को दिया यह तोहफा
Edited By Punjab Kesari,Updated: 06 Oct, 2017 01:39 PM
पुणे में एक महिला ने ओला कैब में बच्चे को जन्म दिया तो कंपनी ने उसे 5 साल तक फ्री राइड का गिफ्ट दे दिया...
पुणे: पुणे में एक महिला ने ओला कैब में बच्चे को जन्म दिया तो कंपनी ने उसे 5 साल तक फ्री राइड का गिफ्ट दे दिया। दरअसल ईश्वरी देवी 2 अक्टूबर को ओला कैब में मेडिकल जांच के लिए अस्पताल जा रही थी, वहीं रास्ते मेें उसे दर्द शुरू हो गया और चलती कार में ही उसने बच्चे को जन्म दे दिया। जहां डिलिवरी हुई उस जगह से अस्पताल 5 किलोमीटर दूर था। ड्राइवर यशवंत गलंडे ने डिलीवरी के बाद महिला और उसके बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया।
ईश्वरी और उसके बच्चे को तीन दिनों के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। उसे वापस घर भी उसी कैब ड्राईवर ने छोड़ा जो उनके लिए किसी फरिश्ते से कम नहीं था। इस बीच जब ओला कंपनी के मैनेजमेंट को इस बारे में पता चला तो उन्होंने किशोरी को अगले 5 साल के लिए कैब सर्विस फ्री देने का एलान किया। भारत में कभी ट्रेन तो कभी चलती गाड़ी में डिलीवरी होती ही रहती है। कई बार मुंबई की लोकल ट्रेन में भी डिलीवरी हुई है। ऐसे समय में कई लोग इंसानियत दिखाते हुए मदद के लिए आगे आते है।पुणे में कैब ड्राईवर यशवंत गलंडे ने यही भूमिका निभाई।