Edited By Parveen Kumar,Updated: 11 May, 2026 07:34 PM

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने पंजाब में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा भाजपा दफ्तरों पर हमले, तोड़फोड़ और कार्यकर्ताओं के साथ बदसलूकी की कड़े शब्दों में निंदा की है।
नेशनल डेस्क : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने पंजाब में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा भाजपा दफ्तरों पर हमले, तोड़फोड़ और कार्यकर्ताओं के साथ बदसलूकी की कड़े शब्दों में निंदा की है। चुग ने कहा कि लुधियाना से लेकर बलाचौर (नया शहर) तक, आम आदमी पार्टी के गुंडों ने पुलिस की छत्रछाया में भाजपा दफ्तरों पर हमला किया। बलाचौर में अकाली दल छोड़कर आप में शामिल हुए विधायक सुखविंदर सुखी ने पुलिस की मौजूदगी में भाजपा के जिला अध्यक्ष के साथ मारपीट की और दफ्तर में तोड़फोड़ मचाई। यह पंजाब में खाकी और खादी के घिनौने गठजोड़ का जीता-जागता प्रमाण है।
चुग ने कहा कि यह पूरा नाटक तब शुरू हुआ जब उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान को मानहानि नोटिस भेजकर उनसे अपने आरोपों के सबूत देने या मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की मांग की। इस नोटिस ने आम आदमी पार्टी की नींव हिला दी। इसी बौखलाहट और राजनीतिक पीड़ा में केजरीवाल ने अपने कार्यकर्ताओं को चुग के घर के बाहर और भाजपा दफ्तरों पर प्रदर्शन करने के लिए उकसाया। चुग ने स्पष्ट किया कि यह प्रदर्शन ईडी की जांच और भ्रष्टाचार के खुलासों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए आप की सोची-समझी साजिश है।
भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा- "अरविंद केजरीवाल! ध्यान से सुनो, पंजाब को ममता की बंगाल नहीं बनने दिया जाएगा।" उन्होंने पूछा कि जब पंजाब में दिनदहाड़े कत्ल हो रहे हैं, गैंगवार थम नहीं रही, फिरौती का बाज़ार गर्म है और युवा पीढ़ी नशे की भेंट चढ़ रही है- तब भगवंत मान सरकार इन समस्याओं से लड़ने की बजाय विपक्षी नेताओं के खिलाफ राजनीतिक नौटंकी में व्यस्त है। पंजाब का हर नागरिक आज डर के साये में जी रहा है और सरकार पूरी तरह संवेदनहीन बनी बैठी है।
चुग ने पंजाब पुलिस को याद दिलाया कि वे किसी राजनीतिक पार्टी की नहीं, बल्कि संविधान और कानून की सेवा करने की शपथ लेकर वर्दी पहनते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस आम आदमी पार्टी के गुंडों को संरक्षण देती रही तो यह उनकी वर्दी और उनकी शपथ दोनों का अपमान होगा। उन्होंने मांग की कि लुधियाना, बलाचौर और पंजाब के तमाम अन्य जिलों में भाजपा दफ्तरों पर हमला करने वाले सभी उपद्रवियों के खिलाफ बिना किसी देरी के एफआईआर दर्ज की जाए और गिरफ्तारी हो।
चुग ने पंजाब की जनता को संबोधित करते हुए कहा- "हम गुरु गोबिंद सिंह जी के सिंहों की धरती के वारिस हैं। आप की गीदड़ धमकियों से भाजपा डरती नहीं और न कभी डरेगी। भ्रष्ट लुटेरों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी- चाहे वे सत्ता के खुले मंच पर हों या अभी भी पर्दे के पीछे छिपे हों। पंजाब की जनता सब देख रही है और इस बार हिसाब ज़रूर होगा।"