Edited By Tanuja,Updated: 15 Aug, 2022 02:27 PM
आजादी का अमृत महोत्सव समारोहों के तहत 'हर घर तिरंगा' अभियान चलाया जा रहा है। केंद्र सरकार ने लोगों से 13 से 15 अगस्त तक घर या....
नेशनल डेस्कः आजादी का अमृत महोत्सव समारोहों के तहत 'हर घर तिरंगा' अभियान चलाया जा रहा है। केंद्र सरकार ने लोगों से 13 से 15 अगस्त तक घर या कार्यालय में तिरंगा फहराने या लगाने का आग्रह किया है। इसी अभियान लोग अपने घरों पर तिरंगा फहराते नजर आए हैं। घाटी में भी कुछ ऐसा ही नजरा देखने को मिला। जम्मू कश्मीर में भी स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर कश्मीर घाटी में कई सक्रिय और मारे गए आतंकवादियों के घरों पर रविवार को राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया।
75वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आजादी का अमृत महोत्सव के तत्वावधान में आयोजित हर घर तिरंगा अभियान के रूप में कई आतंकवादियों के परिवार के सदस्य और करीबी रश्तिेदार तिरंगा फहराने के लिए आगे आए। हिजबुल मुजाहिदीन के 2020 में मारे गए आतंकवादी रियाज अहमद नाइकू के पिता को श्रीनगर के बेगपोरा में अपने घर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराते हुए देखा गया। नाइकू जम्मू-कश्मीर के टॉप टेन मोस्ट वांटेड आतंकियों में से एक था।
अनंतनाग जिले के लीवर श्रीगुफवाड़ा में हिजबुल मुजाहिदीन के कमांडर जफर हुसैन भट और आमिर खान के घरों पर भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। बडगाम जिले के गांव सराय चदूरा में लश्कर-ए-तैयबा के सक्रिय आतंकी आकिब नजीर शेरगोजरी के घर पर भी तिरंगा फहराया गया। लोगों ने उत्साहपूर्वक अपने घरों, होटलों और रेस्तरां पर राष्ट्रीय झंडे लगाए हैं। बता दें कि सेना ने रविवार को जम्मू कश्मीर के बारामूला जिले में 108 फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज स्थापित किया। रक्षा जनसंपर्क अधिकारी कर्नल एमरॉन मुसावी ने बताया कि इस तिरंगे को जिले के पट्टन में हैदरबेग में स्थापित किया गया है।