Edited By Tanuja,Updated: 05 Jul, 2018 04:04 PM
आतंकवाद के मामले में सजायाफ्ता भारतीय मूल के खलील अहमद (37) से अमरीका अपनी नागरिकता वापस लेगा। इसके लिए इलिनोइस के उत्तरी जिले के संघीय न्यायालय में अपील दायर हुई है
वाशिंगटनः आतंकवाद के मामले में सजायाफ्ता भारतीय मूल के खलील अहमद (37) से अमरीका अपनी नागरिकता वापस लेगा। इसके लिए इलिनोइस के उत्तरी जिले के संघीय न्यायालय में अपील दायर हुई है। 2009 में खलील ने अपना अपराध कबूल कर लिया था। उसने माना था कि ईरान व अफगानिस्तान में अमरीकी फौजों को मारने व जख्मी करने के लिए उसने आतंकियों की मदद की थी। इसके लिए उसने कई बार विदेश यात्रा भी की थी। 2010 में उसे 8 साल 4 माह की सजा सुनाई गई थी। उसे 3 साल तक नजरबंदी में भी रखा जाना है।
अटार्नी जनरल जेसी पनुक्कियो का कहना है कि खलील अहमद जैसे लोगों से नागरिकता वापस लेने के लिए वह कार्रवाई कर रहे हैं। स्पेशल एजेंट इन चार्ज जेम्स गिब्बसन ने कहा कि अमरीका को आतंकियों की पनाहगाह वह कभी नहीं बनने देंगे। इसके लिए जो भी कदम उठाने पड़े उन्हें सख्ती से अमल में लाया जाएगा। उनका कहना है कि 2004 से 2007 के बीच खलील व उसके चचेरे भाई जुबेर अहमद ने आतंकियों की मदद के लिए कई बार विदेश की यात्रा की थी।