Edited By ,Updated: 27 Oct, 2015 07:48 PM
विहिप ने राष्ट्रीय राजधानी में केरल हाउस में कथित तौर पर गोमांस परोसने के पीछे मौजूद लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की आज मांग की।
नई दिल्ली: विहिप ने राष्ट्रीय राजधानी में केरल हाउस में कथित तौर पर गोमांस परोसने के पीछे मौजूद लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की आज मांग की। विहिप के संयुक्त महासचिव सुरेंद्र जैन ने केरल के राजकीय गेस्ट हाउस की व्यंजन सूची में गोमांस शामिल करने और इसे मलयालम में लिखे जाने को ‘गहरी साजिश’ बताया है, जबकि अन्य चीजें अंग्रेजी में लिखी हुई हैं। उन्होंने कहा, ‘‘विहिप केरल हाउस में गोमांस परोसने के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करता है।’’ उन्होंने मेस से नमूने लेने में दिल्ली पुलिस को रोकने वाले सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
जैन ने कहा, ‘‘सरकारी मेस की व्यंजन सूची में गोमांस को शामिल करना और इसे मलयालम में लिखा जाना बहुत ही निंदनीय और अवैध है जबकि वहां परोसे जानी वाली अन्य सभी चीजों का नाम अंग्रेजी में लिखा है।’’ विहिप नेता ने यह भी कहा कि दुनिया भर में ‘बीफ’ को गोमांस के रूप में जाना जाता है और सरकारी कैंटीन की व्यंजन सूची में इसे शामिल किया जाना शरारत भरा कार्य है। संगठन ने केरल विधानसभा में विपक्षी नेता वी अच्युतानंदन की विधानसभा में कथित टिप्पणी की भी निंदा करते हुए उसे हिंदू भावनाओं को आहत करने वाला बताया।
गौरतलब है कि कैंटीन में गोमांस परोसे जाने की एक शिकायत पर केरल हाउस में दिल्ली पुलिस के घुसने के बाद राजनीतिक विवाद पैदा हो गया है। केरल के मुख्यमंत्री आेमन चांडी ने इस छापामारी को दुर्भाग्यपूर्ण बताया, जिसका दिल्ली के उनके समकक्ष अरविंद केजरीवाल ने भी समर्थन किया है।