Edited By Yaspal,Updated: 01 Aug, 2018 06:15 PM
यमुना का जलस्तर बुधवार को कम होना शुरू हो गया। इससे एक दिन पहले यह खतरे के निशान तक पहुंच गया था जो पिछले पांच वर्षों में नदी का अधिकतम जलस्तर था।
नई दिल्लीः यमुना का जलस्तर बुधवार को कम होना शुरू हो गया। इससे एक दिन पहले यह खतरे के निशान तक पहुंच गया था जो पिछले पांच वर्षों में नदी का अधिकतम जलस्तर था। सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के एक अधिकारी के अनुसार आज शाम चार बजे तक जलस्तर घटकर 204 .80 मीटर पर पहुंच गया था। नदी के जलस्तर के और कम होने की संभावना है।
यमुना नदी का जलस्तर कल रात आठ बजे पुराने यमुना पुल के पास 206.05 मीटर था। पुल को यातायात के लिये बंद कर दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि उत्तर दिल्ली में बुराड़ी के निचले इलाकों में स्थित कुछ घरों में कल यमुना का पानी घुस गया।
इलाके में बाढ़ के पानी में फंसे 15 लोगों को कल बचा लिया गया। बढ़ते जलस्तर के कारण अब तक कुल 13 हजार 915 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है। उन्हें 1461 तंबुओं और अस्थायी आश्रय गृहों में रखा गया है। वहां उन्हें भोजन और चिकित्सीय सहायता दी जा रही है।