महाराष्‍ट्र के अमरावती में वीकेंड लॉकडाउन, पढ़ें दिनभर की बड़ी खबरें

Edited By rajesh kumar,Updated: 18 Feb, 2021 08:48 PM

weekend lockdown in amravati maharashtra

विधानसभा चुनाव को लेकर पश्चिम बंगाल में सियासी घमासान चरम पर है। भाजपा और तृणमूल कांग्रेस ने जबरदस्त प्रचार मुहिम शुरू कर दी है। इसी के तहत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आज में कोलकाता के पड़ोसी दक्षिण 24...

नेशनल डेस्क: अमरावती में कोविड-19 के मामलों में वृद्धि के मद्देनजर जिला प्रशासन ने सप्ताहांत में लॉकडाउन लागू करने की घोषणा की। लॉकडाउन शनिवार को रात आठ बजे से सोमवार को सुबह सात बजे तक के लिए रहेगा। इसी बीच,  पश्चिम बंगाल में सियासी घमासान चरम पर है। अमित शाह और  ममता बनर्जी पहली बार दोनों एक ही जिले में एक ही समय पर रैलियां की। वहीं, केन्द्र के तीन नए कृषि कानूनों के विरोध में किसानों ने ‘रेल रोको' अभिनयान में कई जगहों पर ट्रेन की पटरियों पर बैठकर प्रदर्शन किया। राकेश टिकैत ने ऐलान किया कि किसानों का अगला लक्ष्य 40 लाख ट्रैक्टरों का है।

पढ़ें दिनभर की 10 बड़ी खबरें

महाराष्‍ट्र के अमरावती में वीकेंड लॉकडाउन

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस फिर से पैर पसारने लगा है। अमरावती में कोविड-19 के मामलों में वृद्धि के मद्देनजर बृहस्पतिवार को जिला प्रशासन ने सप्ताहांत में लॉकडाउन लागू करने की घोषणा की। लॉकडाउन शनिवार को रात आठ बजे से सोमवार को सुबह सात बजे तक के लिए रहेगा और इस दौरान बाजार और अन्य प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। हालांकि, आवश्यक सेवाएं अप्रभावित रहेंगी।
जिलाधिकारी शैलेश नवल ने कहा कि सप्ताह के बाकी दिन होटल और रेस्तरां सहित सभी प्रतिष्ठान रात में आठ बजे तक खुले रहेंगे। पहले ये रात 10 बजे तक खुले रहते थे।

रेल रोको आंदोलन के बीच राकेश टिकैत की चेतावनी
केन्द्र के तीन नए कृषि कानूनों के विरोध में ‘रेल रोको' प्रदर्शन के तहत पंजाब और हरियाणा में बृहस्पतिवार को किसान कई जगहों पर ट्रेन की पटरियों पर बैठे हुए हैं। इस बीच किसान नेता राकेश टिकैत ने ऐलान किया कि किसानों का अगला लक्ष्य 40 लाख ट्रैक्टरों का है। उन्होंने वीरवार को कहा कि हम देशभर में जाकर 40 लाख ट्रैक्टर इकट्ठा करेंगे। ज्यादा समस्या की तो ये ट्रैक्टर भी वहीं हैं, ये किसान भी वही है, ये फिर दिल्ली जाएंगे।

PM मोदी बोले- नए पुल बनेंगे असम की लाइफ लाइन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को असम को एक बार फिर बड़ी सौगात देते हुए 'महाबाहु-ब्रह्मपुत्र' का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शुभारंभ किया। इसके अलावा वे धुबरी फूलबाड़ी पुल की आधारशिला भी रखी और मजुली पुल के निर्माण का लिए भूमिपूजन भी किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि ब्रह्मपुत्र पर कनेक्टिविटी से जुड़े जितने काम पहले होने चाहिए थे, उतने पहले नहीं हुए। इसकी वजह से असम और नार्थ ईस्ट में कनेक्टिविटी एक चुनौती बनी रही। महाबाहु ब्रह्मपुत्र के आशीर्वाद से अब इस दिशा में तेजी से कार्य हो रहा है। 

ममता के गढ़ में शाह की ललकार
विधानसभा चुनाव को लेकर पश्चिम बंगाल में सियासी घमासान चरम पर है। भाजपा और तृणमूल कांग्रेस ने जबरदस्त प्रचार मुहिम शुरू कर दी है। इसी के तहत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आज में कोलकाता के पड़ोसी दक्षिण 24 परगना जिले में अलग-अलग स्वतंत्र रैली करने जा रहे हैं। पहली बार दोनों एक ही जिले में एक ही समय पर रैलियां करेंगे। गंगासागर में अमित शाह ने परिवर्तन यात्रा की शुरुआत कर दी है। 

मंत्री जाकिर हुसैन पर हुए बम हमले पर CM ममता ने तोड़ी चुप्पी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि राज्य के मंत्री जाकिर हुसैन पर बम से हुआ हमला एक साजिश का हिस्सा था और कुछ लोग उन पर दूसरी पार्टी में शामिल होने के लिए ‘‘दबाव'' बना रहे थे। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में निमटीटा रेलवे स्टेशन पर अज्ञात हमलावरों द्वारा बुधवार की रात बम से किए गए हमले में राज्य के मंत्री जाकिर हुसैन गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वह एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती हैं। हुसैन से मिलने अस्पताल पहुंचीं, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रेलवे पर भी निशाना साधा।

समय नष्ट करके अन्नदाता को तोड़ना चाहती है सरकार
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने किसानों के रेल रोको आंदोलन की पृष्ठभूमि में बृहस्पतिवार को कहा कि सरकार को समय नष्ट करने के बजाय तीनों कृषि कानूनों को रद्द करना चाहिए। उन्होंने ट्वीट किया, सीधी सी बात है- तीनों कृषि विरोधी कानून रद्द करो! समय नष्ट करके मोदी सरकार अन्नदाता को तोडऩा चाहती है लेकिन ऐसा होगा नहीं। सरकार के हर अन्याय के ख़िलाफ़, अबकी बार किसान व देश तैयार!

‘मेट्रो मैन’ ई श्रीधरनभाजपा में होंगे शामिल
भारतीय जनता पार्टी ने वीरवार को दावा किया कि  ‘‘मेट्रो मेन'' ई श्रीधरन केरल विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी में शामिल होंगे।  भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष के सुरेंद्रन ने बताया कि श्रीधरन 21 फरवरी को कासरगोड़ से पार्टी की ‘‘विजय यात्रा'' शुरु होने के दौरान भगवा दल में शामिल होंगे। श्रीधरन को देश में सार्वजनिक परिवहन प्रणाली में बदलाव का श्रेय दिया जाता है।सुरेंद्रन ने संवाददाताओं को बताया कि श्रीधरन ने भाजपा के साथ काम करने की इच्छा जाहिर की थी। हालांकि ‘‘मेट्रो मेन''  की ओर से अभी कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। 

अक्कड़ बक्कड़ बंबे बो, डीजल नब्बे पेट्रोल सौ...
पेट्रोल-डीजल की कीमतें प्रतिदिन आसमान छू रही हैं। कई राज्यों में पेट्रोल की कीमतें 100 के पार पहुंच गई हैं। वहीं, रसोई के दामों में भी आग लगी हुई है। बॉलीवुड अभिनेत्री और शिवसेना नेता उर्मिला मांताडोकर ने बढ़ती मंहगाई को लेकर ट्वीट कर केंद्र सरकार पर तंज कसा है। उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा है कि अक्कड़ बक्कड़ बंबे बो, डीजल नब्बे पेट्रोल सौ, सौ में लगा धागा, सिलेंडर ऊछल के भागा।

आरोपी दिशा रवि ने खटखटाया दिल्ली HC का दरवाजा
किसानों के प्रदर्शन से जुड़ी टूलकिट साझा करने के मामले में गिरफ्तार की गई जलवायु पर्यावरण कार्यकर्ता दिशा रवि ने दिल्ली उच्च न्यायालय में याचिका दाखिल कर पुलिस को उनके खिलाफ दर्ज प्राथमिकी से जुड़ी जांच की कोई भी सामग्री मीडिया में लीक करने से रोकने का अनुरोध किया है। रवि के वकील अभिनव सेखरी ने कहा कि वह याचिका को उच्च न्यायालय में सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किए जाने का इंतजार कर रहे हैं और इसके बाद ही इस पर कोई टिप्पणी करेंगे। याचिका में मीडिया को उनके और तीसरे पक्ष के बीच व्हाट्सऐप पर मौजूद किसी भी कथित निजी वार्तालाप की सामग्री या अन्य चीजें प्रकाशित करने से रोकने का भी अनुरोध किया गया है। 

उपराज्यपाल तमिलसाई से मिले नारायणसामी, 22 फरवरी को होगा फ्लोर टेस्ट
पुडुचेरी की उपराज्यपाल तमिलिसाई सौंदरराजन ने सत्ताधारी दल के कुछ विधायकों के इस्तीफे के बाद बृहस्पतिवार को केंद्र शासित प्रदेश की सरकार को 22 फरवरी को सदन में अपना बहुमत साबित करने को कहा। सत्तारूढ़ दल के विधायकों की संख्या घटकर 14 रह गई है। केंद्र शासित प्रदेश के 33 सदस्यीय सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों की संख्या 14-14 है, जिनमें भाजपा के तीन मनोनीत विधायक भी शामिल हैं।
 

 

 

Related Story

India

397/4

50.0

New Zealand

327/10

48.5

India win by 70 runs

RR 7.94
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!