Edited By Pardeep,Updated: 02 Sep, 2019 04:13 AM
15 दिन पहले हुई एक छोटी सी घटना इतना बड़ा रूप धारण कर लेगी ये किसी को अनुमान नहीं था। कीचड़ में गिरने पर एक किशोर ने अपने साथी का मजाक बनाया तो उसके साथी ने उसकी जान ही ले ली। गुस्साए किशोर ने अपने ही एक अन्य दोस्त के साथ मिलकर उसकी चाकुओं से गोदकर...
नई दिल्ली: 15 दिन पहले हुई एक छोटी सी घटना इतना बड़ा रूप धारण कर लेगी ये किसी को अनुमान नहीं था। कीचड़ में गिरने पर एक किशोर ने अपने साथी का मजाक बनाया तो उसके साथी ने उसकी जान ही ले ली। गुस्साए किशोर ने अपने ही एक अन्य दोस्त के साथ मिलकर उसकी चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। वारदात के बाद पुलिस ने हत्यारोपी नाबालिग को पकड़ लिया है। वारदात में इस्तेमाल चाकू भी जब्त कर लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक मृतक किशोर रितिक उर्फ गोलू(15)परिवार के साथ सुल्तानपुरी इलाके में रहता था। वह मूलरूप से राजस्थान का रहने वाला था। परिवार में छोटा भाई विनय,पिता सज्जन और मां हैं। विनय सरकारी स्कूल से पढ़ाई कर रहा है। जबकि उसके पिता सज्जन ड्राइविंग व मजदूरी करते हैं। रितिक सरकारी स्कूल से दसवीं कर रहा था। रात साढ़े आठ बजे पी-4 स्थित सरकारी स्कूल के पीछे पार्क में रितिक को किसी ने चाकू मार दिए।
रितिक के पिता सज्जन ने बताया कि एक सरदारजी उनके बेटे को खून से लथपथ हालत में यादव नर्सिंग होम ले गए। यहां पर पुलिस केस बताकर उसे दाखिल नहीं किया गया। जिसके बाद सरदार जी रितिक को एक रिक्शा से संजय गांधी अस्पताल ले गए थे जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार का आरोप कि संजय गांधी अस्पताल में उनके बच्चे का समय से इलाज नहीं हो पाया जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई।