Edited By vasudha,Updated: 10 Jul, 2018 02:00 PM
मुंबई में पिछले कुछ दिनों से जारी बारिश आफत बनकर आई है। भारी बारिश के कारण जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। वहीं मुंबई की खस्ताहाल सड़कें एक महिला की मौत का कारण बन गई...
नेशनल डेस्क: मुंबई में पिछले कुछ दिनों से जारी बारिश आफत बनकर आई है। भारी बारिश के कारण जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। वहीं मुंबई की खस्ताहाल सड़कें एक महिला की मौत का कारण बन गई। बाइक पर जा रही महिला गड्ढे की वजह से सड़क पर गिर गई और पीछे से आ रही बस ने उसे कुचल दिया। रोंगटे खड़े कर देने वाली यह घटना एक दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
मृतक महिला की पहचान सिविल स्कूल की कर्मचारी मनीषा भोईर (40) के रूप में हुई है। वह भारी बारिश के बीच अपने एक रिश्तेदार के साथ बाइक से जा रही थी। इसी दौरान गड्ढा आ जाने के कारण बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ी और पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस महिला के सिर को कुचलते हुए आगे चली गई। जैसे ही लोगों ने उसे उठाने की कोशिश की तो बस आगे बढ़ी और दोबारा महिला को कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में बाइक चला रहा शख्स बाल-बाल बच गया।
बता दें कि मुंबई और नजदीक के क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश के कारण सड़कों, रेलवे की पटरियों पर पानी भर गया है। इस मौसम में एक दिन में हुई यह सर्वाधिक बारिश है जिसके कारण कई सड़कों और गलियों में पानी भर गया और यातायात जाम के हालात बन गए। वहीं बारिश के कारण सड़कों पर बने गड्ढों से समस्या और भी जटिल हो गयी है। कई स्कूलों ने आज छुट्टी घोषित कर दी है और कई लोग दफ्तर नहीं गए हैं।