Edited By Tanuja,Updated: 07 Aug, 2019 12:44 PM
पूर्व विदेश मंत्री और भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज का मंगलवार देर रात दिल का दौरा पड़ने से दिल्ली के एम्स (AIIMS) ...
इंटरनेशनल डेस्कः पूर्व विदेश मंत्री और भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज का मंगलवार देर रात दिल का दौरा पड़ने से दिल्ली के एम्स (AIIMS) में निधन हो गया। 67 वर्षीय सुषमा स्वराज के निधन पर देश और दुनिया के राजनेताओं ने दुख व्यक्त किया व उन्हें श्रद्धांजलि दी। भारत में उपस्थित सभी देशों के राजदूत भी श्रीमती स्वराज को भावपूर्ण श्रद्धाजंलि देने उनके निवास स्थान पर पहुंचे।उनके निधन पर बांग्लादेश, इसराईल मालदीव, फ्रांस, नेपाल, अफगानिस्तान व रूस के राजनेताओं ने शोक जताया है।
इसराईल ने उनके निधन पर दुख जाहिर करते हुए कहा कि सुषमा स्वराज के निधन की खबर सुनकर दुखी हैं । इसराईल इन इंडिया के ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया गया कि भारत और इसराईल के संबंधों के प्रति उनके समर्पण, करुणा और योगदान को भुलाया नहीं जा सकता है। इस ट्विट में इसराईल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू सुषमा स्वराज की एक फोटो भी है।
अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति और विदेश मंत्री ने भी स्वराज के निधन पर शोक व्यक्त किया व उनके परिवार और भारत के प्रति सहानुभूति जताई। अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिद करजई ने कहा कि सुषमा स्वराज एक कद्दावर नेता और महान वक्ता थीं। उनके अलावा अफगानिस्तान के विदेश मंत्री एस रब्बानी ने कहा कि वह भारत की पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के अचानक निधन से दुखी हैं। उन्होंने भी भारत सरकार और भारतीयों के लिए सहानुभूति देते हुए स्वराज को विशिष्ट और दृढ़निश्चयी प्रतिनिधि बताया।
मालदीव के विदेश मंत्री अब्दुल्ला शाहिद ने भी सुषमा स्वराज के निधन पर दुख प्रकट करते हुए कहा कि वह 'गुड फ्रेंड' के निधन से बहुत दुखी हैं। उन्होंने स्वराज को असाधारण डिप्लोमैट बताया और कहा कि वह भारत मालदीव की दोस्ती की शिल्पकार थीं।
पड़ोसी देश नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने भी सुषमा स्वराज के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भारत के एक वरिष्ठ राजनीतिक नेता और पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वाज के निधन की जानकारी से गहरे सदमे में हैं। साथ ही उन्होंने भारत सरकार और भारतीयों के लिए के प्रति गहरी संवेदना जाहिर की।
रूस के विदेश मंत्रालय ने भी सुषमा स्वराज के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि हम इस मैत्रीपूर्ण देश के पूर्व विदेश मंत्री के निधन पर भारत के लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं। संयुक्त राष्ट्र महासभा की अध्यक्ष मारिया फर्नांडा एस्पिनोसा ने पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें एक ‘‘असाधारण'' महिला एवं नेता बताया, जिन्होंने अपना जीवन जनसेवा के लिए समर्पित कर दिया। मुझे भारत यात्रा के दौरान उनसे मिलने का मौका मिला और मैं हमेशा उन्हें याद करूंगी।'' उन्होंने संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन को टैग करते हुए लिखा, ‘‘ उनके सभी चाहने वालों को मेरी गहरी संवेदनाएं।
'' संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि सैयद अकबरुद्दीन ने भी स्वराज के भाषणों का एक वीडियो साझा करते हुए उनके निधन पर शोक व्यक्त किया। वीडियो साझा करते हुए उन्होंने लिखा, ‘‘अमिट यादें पीछें छोड़ गईं...।