Edited By shukdev,Updated: 10 Dec, 2019 07:58 PM
कर्नाटक विधानसभा की 15 सीटों पर हुए उपचुनाव में बड़ी जीत हासिल करने के बाद मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने मंगलवार को कहा कि वह अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करने के साथ ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जीते हुए विधायकों को कैबिनेट में लेकर अपना वादा...
बेंगलुरु: कर्नाटक विधानसभा की 15 सीटों पर हुए उपचुनाव में बड़ी जीत हासिल करने के बाद मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने मंगलवार को कहा कि वह अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करने के साथ ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जीते हुए विधायकों को कैबिनेट में लेकर अपना वादा निभाएंगे। कर्नाटक विधानसभा की 15 सीटों पर हुए उपचुनावों के गत दिवस नतीजे आए। भाजपा ने 12 सीटें जीती जबकि कांग्रेस की झोली में दो और एक पर निर्दलीय विजयी हुआ। जनता दल (सेक्युलर) का हाथ खाली रह गया।
उपचुनाव में भाजपा की बड़ी जीत के बाद येदियुरप्पा ने भाजपा के नवनिर्वाचित विधायकों के ‘त्याग' को धन्यवाद किया जिनकी वजह से पार्टी राज्य में सरकार बना सकी। भाजपा सरकार को समर्थन देने वालों को मंत्रिमंडल में शामिल करने के वादे पर येदियुरप्पा ने कहा,‘मेरी जल्दी ही नई दिल्ली यात्रा की योजना है। अगले सप्ताह पार्टी नेताओं से मिलकर राज्य मंत्रिमंडल विस्तार पर चर्चा करुंगा।' इस बीच,उप चुनाव में जीतने वाले भाजपा विधायकों बी बासवराज, एस टी सोमशेख, बी सी पाटिल और अन्य ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की और चुनाव अभियान के दौरान उन्हें दिए समर्थन के लिए धन्यवाद दिया।