Edited By Ramanjit Singh,Updated: 27 Nov, 2021 10:22 AM
पंजाब बनाम दिल्ली के सरकारी स्कूल
सिसोदिया सौंपेंगे दिल्ली के 250 स्कूलों की सूची, परगट सिंह से सूची मांगी
चंडीगढ़, (रमनजीत सिंह) पंजाब के सरकारी स्कूलों और समूची शिक्षा व्यवस्था की हालत पर दिल्ली और पंजाब सरकार में शुरू हुई सोशल मीडिया वॉर शुक्रवार को और आगे बढ़ गई। पंजाब और दिल्ली के सरकारी स्कूलों की तुलना के लिए दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया द्वारा दी गई चुनौती को पंजाब के शिक्षा मंत्री परगट सिंह द्वारा स्वीकार किए जाने के बाद सिसोदिया ने दिल्ली के 250 स्कूलों की सूची परगट सिंह को भेजे जाने की पेशकश करते हुए, उनसे पंजाब के 250 सरकारी स्कूलों की सूची मांगी है। सिसोदिया ने कहा कि परगट सिंह दिल्ली और पंजाब के सूचीबद्ध बेहतरीन स्कूलों के दौरे और शिक्षा व्यवस्था/ सुधारों पर बहस के लिए अपनी इच्छा के अनुसार समय और तारीख तय करके बता दें ताकि दोनों शिक्षा मंत्री (मनीष सिसोदिया और परगट सिंह) मीडिया की मौजूदगी में दिल्ली और पंजाब के सरकारी स्कूलों का एक साथ दौरा करके खुली बहस कर सकें।
सोशल मीडिया पोस्ट में मनीष सिसोदिया ने लिखा है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शनिवार (27 नवंबर) को मोहाली आ रहे हैं। वह आंदोलन कर रहे पंजाब के धरनों पर बैठकर अध्यापकों के साथ मुलाकात करेंगे। स्कूलों के हुए सुधारों के संबंध में वहां पढ़ा रहे अध्यापकों से बेहतर कौन बता सकता है।’’ इसके साथ ही पंजाब के नेता विपक्ष हरपाल सिंह चीमा ने सरकारी स्कूलों और शिक्षा प्रणाली को लेकर दिल्ली और पंजाब के शिक्षा मंत्रियों के बीच जारी बहस को महत्वपूर्ण और सकारात्मक करार दिया है। चीमा ने कहा कि शिक्षा, विशेषकर सरकारी स्कूल शिक्षा का क्षेत्र पिछले कई दशकों से हाशिए पर था। चीमा ने कहा कि तुलना और इस पर बहस करके सकारात्मक नतीजे निकलेंगे।