Edited By Ajit Dhankhar,Updated: 20 Oct, 2021 12:47 AM
सिद्धू के रवैये से बढ़ी कांग्रेस की मुश्किलें
कै. अमरेंद्र सिंह के बाद सिद्धू अब नए सी.एम. चरणजीत सिंह चन्नी से भी टकरा रहे
चंडीगढ़ (अश्वनी): पंजाब में कै. अमरेंद्र सिंह की विदायगी के बाद भी कांग्रेस की मुश्किलें कम नहीं हुई हैं। सी.एम. बनने के लिए छटपटा रहे नवजोत सिद्धू और मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के बीच की बैठक में बड़ी बात सामने आ रही है। सूत्रों की मानें तो रविवार को बंद कमरे में हुई बैठक के दौरान सिद्धू का रवैया देख चन्नी ने सी.एम. पद छोडऩे की बात तक कह दी।
उन्होंने कहा कि मैं मुख्यमंत्री पद छोडऩा चाहता हूं। नवजोत सिद्धू सी.एम. बन जाएं और 2 महीने में परफॉर्म करके दिखा दें। इस बैठक में कांग्रेस ऑब्जर्वर हरीश चौधरी, राहुल गांधी के करीबी कृष्णा अल्लावरू और मंत्री परगट सिंह भी मौजूद थे। हालांकि कांग्रेसी अब खुलकर इस पर कुछ नहीं कह रहे। बैठक में हुई नोकझोंक अब बाहर नजर आने लगी है। इसके अगले दिन सी.एम. चन्नी ने प्रैस कांफ्रैंस की, उसमें सिद्धू के बारे में पूछा गया तो वो कह उठे कि सिद्धू को यहां बिठा देंगे।
सूत्रों के मुताबिक रविवार को सी.एम. के साथ बैठक में सिद्धू ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेजे 13 सूत्रीय एजैंडे का मुद्दा उठाया। सिद्धू ने सी.एम. से पूछा कि वह उन वायदों को क्यों पूरा नहीं कर रहे, जिनके लिए पंजाब में कै. अमरेंद्र सिंह को हटाकर उन्हें सी.एम. बनाया गया।