Edited By Punjab Kesari,Updated: 02 Nov, 2017 04:33 PM
भारतीय सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने भारत की ट्वंटी-20 में जीतों में अपने 1000 रन पूरे कर लिए हैं। 30 वर्षीय रोहित ने यहां फिरोजशाह कोटला मैदान में न्यूजीलैंड के खिलाफ 80 रन की शानदार पारी खेलकर यह उपलब्धि हासिल की...
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली के बाद बल्लेबाज रोहित शर्मा ने भारत की ट्वंटी-20 में जीतों में अपने 1000 रन पूरे कर लिए हैं। 30 वर्षीय रोहित ने यहां फिरोजशाह कोटला मैदान में न्यूजीलैंड के खिलाफ 80 रन की शानदार पारी खेलकर यह उपलब्धि हासिल की। रोहित का न्यूजीलैंड के खिलाफ यह पहला और कुल 12वां अर्धशतक था। भारत ने इस मुकाबले को 53 रन से जीतकर न्यूजीलैंड के खिलाफ पहली ट्वंटी-20 जीत दर्ज की। रोहित ने भारत के 41 ट्ंवटी-20 मैचों में जीत में 37.40 के औसत से 1010 रन पूरे कर लिये हैं जिसमें 10 अर्धशतक शामिल हैं।
रोहित भारतीय कप्तान विराट कोहली के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। विराट भारत के 34 ट्ंवटी-20 मैचों की जीत में 13 अर्धशतकों की बदौलत 69.57 के औसत से 1322 रन बना चुके हैं। भारत के लिए अब तक कुल 66 ट्ंवटी-20 मैच खेलने वाले रोहित ने 31.31 के औसत से 1472 रन बनाए हैं। इसमें 12 अर्धशतक और एक शतक शामिल हैं। ट्ंवटी-20 में उनका सर्वोच्च स्कोर 106 रन का है।