Edited By Reetu sharma,Updated: 13 Oct, 2026 12:23 PM

कन्नड़ सिनेमा की साइंस-फिक्शन सोशल थ्रिलर फिल्म ‘लम्बोधरा 2.0’ को महावीर जैन फिल्म्स का साथ मिल गया हैनिर्देशक सिंपल सुनी की इस फिल्म को अब हिंदी में भी रिलीज किया जाएगा।
नई दिल्ली/ टीम डिजिटल। कन्नड़ सिनेमा की साइंस-फिक्शन सोशल थ्रिलर फिल्म ‘लम्बोधरा 2.0’ को महावीर जैन फिल्म्स का साथ मिल गया हैनिर्देशक सिंपल सुनी की इस फिल्म को अब हिंदी में भी रिलीज किया जाएगा। फिल्म 20 नवंबर, 2026 को हिंदी और कन्नड़ भाषाओं में सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है। फिल्म में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), आधुनिक तकनीक और इंसानी खुशी से जुड़े सवालों को दिलचस्प अंदाज में पेश किया जाएगा।
असली ह्यूमनॉइड रोबोट जिया निभाएगी अहम भूमिका
‘लम्बोधरा 2.0’ की सबसे खास बात इसमें एक असली ह्यूमनॉइड रोबोट जिया का नजर आना है। बेंगलुरु की कंपनी मचानी रोबोटिक्स ने इस रोबोट को तैयार किया है। फिल्म में जिया सिर्फ तकनीक का प्रदर्शन नहीं, बल्कि कहानी का एक अहम हिस्सा है। मेकर्स का दावा है कि यह भारतीय सिनेमा में अपनी तरह का अनोखा प्रयोग है।
फिल्म के कॉन्सेप्ट और इसकी मेकिंग से प्रभावित होकर निर्माता महावीर जैन ने इसे हिंदी में भी रिलीज करने का समर्थन दिया है। निर्देशक सिंपल सुनी ने इस सहयोग पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि फिल्म में खुशी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और इंसानी जिंदगी पर तकनीक के प्रभाव को दिखाया गया है।
क्या तकनीक इंसान को ज्यादा खुश बना रही है?
फिल्म की कहानी एक तकनीक आधारित ‘हैप्पीनेस चैलेंज’ के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसमें हिस्सा लेने वालों को बड़े इनाम का वादा किया जाता है। हालांकि, इस चैलेंज के जरिए लोगों की भावनाओं और उनके व्यवहार पर नजर रखी जाती है और उन्हें प्रभावित भी किया जाता है। इस अनोखी कहानी के जरिए फिल्म सोशल मीडिया पर मिलने वाली मान्यता, डिजिटल लत, AI के बढ़ते दखल और इंसान की स्वतंत्र सोच जैसे मुद्दों को उठाती है। फिल्म में सस्पेंस, हास्य और भावनात्मक पहलुओं का भी मेल देखने को मिलेगा।
अनिल शेट्टी करेंगे लीड एक्टर के तौर पर डेब्यू
‘लम्बोधरा 2.0’ की कहानी अनिल शेट्टी ने लिखी है और वह इसके निर्माता भी हैं। इसी फिल्म से वह बतौर लीड एक्टर अपना डेब्यू करने जा रहे हैं। उनके साथ कुणाल कपूर, साची बिंद्रा, मेघना गांवकर और मैक डिसूजा भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म की सिनेमैटोग्राफी संतोष राय पथाजे ने संभाली है, जबकि इसका संगीत वीर समर्थ ने तैयार किया है। फिल्म के निर्देशक सिंपल सुनी ने टीम के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा, ‘लम्बोधरा 2.0. खुशियां लोड हो रही हैं…’
महावीर जैन फिल्म्स के साथ जुड़े कई प्रोजेक्ट्स
महावीर जैन फिल्म्स इससे पहले ‘ऊंचाई’, ‘राम सेतु’, ‘गुड लक जेरी’ और ‘बिन्नी एंड फैमिली’ जैसी फिल्मों से जुड़ी रही है। इसके आगामी प्रोजेक्ट्स में सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनने वाली ‘प्रेम मोल लिया’, जिसमें आयुष्मान खुराना और शरवरी नजर आएंगे, के अलावा ‘नागजिला’, ‘व्हाइट’ और ‘रामबोला’ शामिल हैं। ‘लम्बोधरा 2.0’ के जरिए महावीर जैन फिल्म्स कन्नड़ सिनेमा की एक अलग तरह की कहानी को हिंदी दर्शकों तक पहुंचाने जा रही है। अब देखना होगा कि AI, रोबोटिक्स और इंसानी भावनाओं के मेल वाली यह फिल्म दर्शकों को कितना पसंद आती है।