Edited By SHUKDEV PRASAD,Updated: 26 Mar, 2026 07:18 PM

महाराष्ट्र विधानसभा में पूर्व उपमुख्यमंत्री Ajit Pawar से जुड़े विमान हादसे को लेकर जोरदार बहस देखने को मिली।
नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र विधानसभा में पूर्व उपमुख्यमंत्री Ajit Pawar से जुड़े विमान हादसे को लेकर जोरदार बहस देखने को मिली। इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री Devendra Fadnavis ने सख्त रुख अपनाते हुए साफ कर दिया कि अगर इस दुर्घटना के पीछे किसी तरह की साजिश सामने आती है, तो दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
फडणवीस का बड़ा बयान: ‘दोषियों को जमीन-आसमान से ढूंढ निकालेंगे’
सदन में जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर एंगल से जांच कर रही है। यदि यह साबित होता है कि हादसा सिर्फ दुर्घटना नहीं बल्कि साजिश थी, तो दोषियों को देश के किसी भी कोने से खोजकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस मामले को लेकर कुछ बाहरी स्तर पर महाराष्ट्र की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है।
CBI जांच की तैयारी, अमित शाह से होगी मुलाकात
मुख्यमंत्री ने बताया कि विधानसभा सत्र खत्म होने के बाद वे उपमुख्यमंत्री सुमित्रा पवार के साथ केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah से मुलाकात करेंगे। इस दौरान इस पूरे मामले की CBI जांच की औपचारिक मांग की जाएगी, ताकि सच्चाई पूरी तरह सामने आ सके।
AAIB की अंतरिम रिपोर्ट में तकनीकी खामियां आई सामने
सरकार ने सदन को जानकारी दी कि एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो की प्रारंभिक रिपोर्ट आ चुकी है। रिपोर्ट के मुताबिक बारामती एयरपोर्ट पर पर्याप्त तकनीकी सुविधाओं की कमी और कम विजिबिलिटी हादसे के संभावित कारणों में शामिल हैं। हालांकि अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि पायलट की ब्रेथ एनालिसिस रिपोर्ट सामान्य पाई गई है और विमान में किसी प्रकार का विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री नहीं मिली।
पोस्टमॉर्टम और डीएनए रिपोर्ट ने क्या बताया
हादसे में जान गंवाने वाले सभी पांच लोगों की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिल चुकी है। रिपोर्ट के अनुसार मौत का कारण गंभीर चोटें और आग से झुलसना रहा। डीएनए जांच के जरिए मृतकों की पहचान उनके परिजनों से मैच कर ली गई है, जिससे पहचान को लेकर कोई संदेह नहीं बचा है।
जांच प्रक्रिया पर सरकार का रुख साफ
मुख्यमंत्री ने बताया कि किसी भी हादसे के बाद पहले Accidental Death Report दर्ज की जाती है। इसके बाद अगर जांच में लापरवाही, गलती या साजिश के संकेत मिलते हैं, तभी FIR दर्ज की जाती है। फिलहाल जांच प्रक्रिया जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है।
तकनीकी सुधार और कानून व्यवस्था पर भी फोकस
अपने संबोधन में फडणवीस ने राज्य में कानून व्यवस्था और तकनीकी सुधारों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि भारतीय न्याय संहिता के लागू होने के बाद मामलों के निपटारे में तेजी आई है। ई-साक्ष प्रणाली के बढ़ते उपयोग से चार्जशीट दाखिल करने की प्रक्रिया मजबूत हुई है और दोषसिद्धि दर में भी सुधार हुआ है। इसके साथ ही राज्य में सीसीटीवी नेटवर्क को मजबूत करने के लिए महानेत्र योजना लागू की जा रही है, जिससे निगरानी व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सके।
राजनीतिक मुद्दा बना विमान हादसा
अजित पवार से जुड़ा यह विमान हादसा अब महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा मुद्दा बन गया है। एक ओर सरकार तकनीकी कारणों की ओर इशारा कर रही है, वहीं साजिश की संभावना को भी पूरी तरह खारिज नहीं किया गया है। अब सभी की नजरें अंतिम जांच रिपोर्ट और संभावित CBI जांच पर टिकी हैं, जिससे इस पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।