Edited By Punjab Kesari,Updated: 14 Oct, 2017 04:24 PM
उत्तर कोरिया और अमरीका में बढ़ते तनाव के चलते एक नई जानकारी सामने आई है...
वॉशिंगटन: उत्तर कोरिया और अमरीका में बढ़ते तनाव के चलते एक नई जानकारी सामने आई है। अमरीका ने परमाणु हमलों से बचने के लिए एक नया तरीका ढूंढा है। जानकारी के अनुसार अमरीकी हवाई यूनिवर्सिटी ने अपने छात्रों और कर्मचारियों को एक ईमेल भेजा है, जिसमें किसी भी परमाणु युद्ध से बचने की जानकारी को विस्तार से बताया गया है। वहीं आशंका जताई जा रही है कि उत्तर कोरिया ने अपना 7वां परमाणु परीक्षण कर लिया है।
ये आशंका इसलिए पैदा हुई क्योंकि गुरुवार की देर रात 2.9 तीव्रता का भूकंप आया जिसका केंद्र उत्तर कोरिया के परमाणु परीक्षण स्थल के करीब था। हालांकि अमरीकी जियोलॉजिकल सर्वे के मुताबिक इस भूकंप के प्राकृतिक होने की गुंजाइश ज्यादा है। अमरीका की हवाई यूनिवर्सिटी ने अपने छात्रों और कर्मचारियों को जो ईमेल भेजा है उसमें उत्तर कोरिया के मिसाइल परीक्षणों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां लगातार परमाणु खतरों के बारे में जानकारियां उपलब्ध करा रही हैं।
इसमें परमाणु हमले और विकिरण की इमरजेंसी स्थिति होने पर क्या करना चाहिए, ऐसी स्थिति में शेल्टर कहां और कैसे लेना है जैसी जानकारियां शामिल हैं। ऐसी चेतावनियों को देखते हुए सवाल ये है कि क्या अमरीका, उत्तर कोरिया पर हमला करने जा रहा है? दरअसल ये सवाल इसलिए भी उठ रहा है क्योंकि खुफिया सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक उत्तर कोरिया सोमवार या मंगलवार को एक और मिसाइल या न्यूक्लियर टेस्ट करने की तैयारी कर चुका है। जाहिर है अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लिए एक तरह से ये बड़ी चुनौती होगी क्योंकि वो लगातार उत्तर कोरिया को सबक सिखाने की बात कहते आ रहे हैं।