Edited By Niyati Bhandari,Updated: 23 Nov, 2026 04:26 PM

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने पठानकोट दौरे के दौरान सनातन संस्कृति की एकता, धर्मांतरण और नशा मुक्ति जैसे ज्वलंत मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि हिंदू व सिख एक हैं, लालच में धर्मांतरण के खिलाफ सभी को आवाज उठानी...
पठानकोट (कंवल, शारदा, आदित्य): बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने पठानकोट दौरे के दौरान सनातन संस्कृति की एकता, धर्मांतरण और नशा मुक्ति जैसे ज्वलंत मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि हिंदू व सिख एक हैं, लालच में धर्मांतरण के खिलाफ सभी को आवाज उठानी चाहिए।
अपनी कथा के सिलसिले में पठानकोट पहुंचे धीरेंद्र शास्त्री ने समाज को एकजुट रहने का संदेश देते हुए कहा कि हम सब एक रहेंगे तो ही देश, संस्कृति और परंपराओं का उद्धार होगा। पठानकोट पहुंचे शास्त्री लमीनी के मल्टीपर्पज खेल स्टेडियम में हनुमंत कथा करेंगे।
उन्होंने हिंदू-सिख एकता पर जोर देते हुए कहा कि हमारे गुरुओं की महिमा, गुरु परंपरा और श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की महिमा अनवरत बनी रहे, यही हमारा मुख्य संदेश है। ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वे पंजाब में सनातन संस्कृति व भाईचारे का संदेश लेकर आते हैं, ताकि सभी भेदभाव भुलाकर भाइयों की तरह रहें।
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि कि धर्मांतरण के खिलाफ लोगों को जागरूक होना चाहिए। लोभ या लालच देकर धर्मांतरण नहीं होना चाहिए, इसके खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। संविधान के दायरे में रहकर धर्मांतरण के खिलाफ कानून बनना चाहिए। जब उनसे समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा पठानकोट से सीधे पाकिस्तान चले जाने पर दिए बयान पर पूछा गया, तो उन्होंने यह कहते हुए टिप्पणी करने से इंकार कर दिया कि हम भारत वाले हैं और राजनेताओं के बयानों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं देते।
पंजाब में नशे की समस्या और सरकारों के प्रयासों पर पूछे गए सवाल के जवाब में धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि नशा छुड़ाने के लिए अध्यात्म ही सबसे कारगर रास्ता है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को मोटिवेशन (प्रेरणा) और इंस्पीरेशन के बाद आत्म-बोध (रियलाइजेशन) की जरूरत होती है, जो केवल अध्यात्म से संभव है। जब व्यक्ति को भीतर से यह बोध हो जाता है, तभी वह नशे जैसी बुराइयों से स्थायी रूप से दूर हो सकता है।