Edited By Pardeep,Updated: 26 Nov, 2026 07:02 AM

मिस्र की राजधानी काहिरा से सटे इलाके में एक भयानक सड़क हादसा सामने आया है। गीज़ा के अल-वर्रक (Al-Warraq) जिले में एक प्रमुख रिंग रोड पर सुरंग के ऊपर पेट्रोलियम पदार्थों से भरा टैंकर पलटने के बाद भीषण आग भड़क उठी।
काहिराः मिस्र की राजधानी काहिरा से सटे इलाके में एक भयानक सड़क हादसा सामने आया है। गीज़ा के अल-वर्रक (Al-Warraq) जिले में एक प्रमुख रिंग रोड पर सुरंग के ऊपर पेट्रोलियम पदार्थों से भरा टैंकर पलटने के बाद भीषण आग भड़क उठी। इस अग्निकांड में कम से कम 31 लोगों की जलकर मौत हो गई और 21 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सरकारी अभियोजन (पब्लिक प्रॉसिक्यूशन) के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि राहगीरों और वाहन चालकों को संभलने और भागने का मौका तक नहीं मिला।
'गाड़ियों में फंसे रह गए लोग, बाहर निकलने तक का समय नहीं मिला'
घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी अली यूसुफ ने बताया कि आग लगते ही गाड़ियां लपटों की चपेट में आ गईं और लोग उनके भीतर ही फंस गए। उन्हें बाहर निकलने का समय ही नहीं मिला। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में घटनास्थल से धुएं का काला गुबार आसमान में उठता दिख रहा है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, राहत और बचाव कार्यों के लिए 39 एम्बुलेंस मौके पर भेजी गईं। मलबे को हटाने और क्षतिग्रस्त वाहनों को रास्ते से साफ करने के लिए बुलडोजर तैनात किए गए हैं। कई शव इतनी बुरी तरह जल चुके हैं कि उनकी पहचान कर पाना बेहद कठिन हो रहा है; इसके लिए प्रशासन ने पीड़ितों के डीएनए (DNA) सैंपल लेने के आदेश जारी किए हैं।

काहिरा को जोड़ने वाला प्रमुख रिंग रोड बाधित
हादसे के कारण ग्रेटर काहिरा को जोड़ने वाला प्रमुख रिंग रोड पूरी तरह बाधित हो गया। यह रिंग रोड काहिरा, गीज़ा और कल्याउबिया (Qalyubia) प्रांतों को जोड़ने वाले मुख्य राजमार्गों का प्रमुख लिंक है। आग की चपेट में आने से कारों, मिनी बसों और मोटरसाइकिलों समेत कम से कम 27 वाहन जलकर खाक हो गए हैं।

मिस्र में लगातार बढ़ रहे हैं सड़क हादसे
मिस्र में तेज रफ्तार, यातायात नियमों के लचर पालन और सड़कों की खराब स्थिति के कारण सड़क हादसे अक्सर होते रहते हैं। हाल के वर्षों में नए हाईवे और पुल बनने के बावजूद सड़क सुरक्षा को लेकर चिंताएं बनी हुई हैं। देश की सांख्यिकी एजेंसी (CAPMAS) के आंकड़ों के अनुसार, मिस्र में सड़क हादसों में मरने वालों की संख्या में पिछले साल 10.8 प्रतिशत का इजाफा हुआ था।