Edited By Tanuja,Updated: 24 Nov, 2026 05:24 PM

अमेरिका के शिकागो के महापौर ब्रैंडन जॉनसन ने दिवाली को आधिकारिक मान्यता देने का आदेश जारी किया है। इसमें हिंदू, जैन और सिख समुदायों की धार्मिक परंपराओं का उल्लेख किया गया है। कुक काउंटी ने भी ऐसा आदेश जारी किया है। यह फैसला मंदिर सुरक्षा संबंधी...
Washington:शिकागो के महापौर ब्रैंडन जॉनसन ने आधिकारिक रूप से दिवाली को मान्यता देने के लिए आदेश जारी करते हुए निवासियों से उन विविध सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं का जश्न मनाने की अपील की जो इलाके को समृद्ध बनाती हैं और शहर में एकता को बढ़ावा देती हैं। जॉनसन ने सोमवार को जारी आदेश में कहा कि हिंदू और जैन समुदायों के लिए इस त्योहार का गहरा आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व है, और वे अपने-अपने विशिष्ट रीति-रिवाजों और परंपराओं के माध्यम से इस अवसर को मनाते हैं। कुक काउंटी के बोर्ड ऑफ कमिश्नर्स ने भी इसी तरह का आदेश जारी किया है। इसी काउंटी में शिकागो शहर भी आता है। यह आदेश ऑरोरा स्थित श्री वेंकटेश्वर मंदिर में एक किशोर द्वारा गोलीबारी करने की कोशिश के कुछ हफ्तों बाद आया है।
पिछले हफ्ते, शिकागो में एफबीआई फील्ड ऑफिस के अधिकारियों ने हिंदू समुदाय के सदस्यों से संपर्क किया था और मंदिरों की सुरक्षा, घृणा अपराध की रिपोर्टिंग और पूजा स्थलों तथा त्योहारों के दौरान हालात के प्रति सतर्क रहने जैसे विषयों पर चर्चा की थी। शिकागो के महापौर द्वारा जारी आदेश में कहा गया कि सिख समुदाय इसी त्योहार के दिन 'बंदी छोड़ दिवस' मनाता है, जो स्वतंत्रता और मुक्ति के आदर्शों का सम्मान करता है। जॉनसन ने कहा, ''शिकागो शहर विभिन्न इलाकों में मौजूद कई सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं को आत्मसात करता है। हम मानते हैं कि अपनी विविधताओं का जश्न मनाने से आपसी समझ बढ़ती है, सामुदायिक संबंध मजबूत होते हैं, और एक ऐसे समावेशी शहर के प्रति हमारी साझा प्रतिबद्धता और पुख्ता होती है, जहां सभी निवासियों को महत्व दिया जाता है।''