फिजिक्स में नोबेल पुरस्कार की घोषणा, पियरे एगोस्टिनी, फेरेंक क्रूज और ऐनी एल हुइलियर को मिला अवॉर्ड

Edited By Yaspal,Updated: 03 Oct, 2023 05:50 PM

nobel prize in physics pierre agostini ferenc cruz and anne l huillier

भौतिकी का नोबेल पुरस्कार इस बार उन तीन वैज्ञानिकों को देने की घोषणा की गई जिन्होंने सेकेंड के सबसे छोटे हिस्से के दौरान परमाणुओं में इलेक्ट्रॉन का अध्ययन किया

इंटरनेशनल डेस्कः भौतिकी का नोबेल पुरस्कार इस बार उन तीन वैज्ञानिकों को देने की घोषणा की गई जिन्होंने सेकेंड के सबसे छोटे हिस्से के दौरान परमाणुओं में इलेक्ट्रॉन का अध्ययन किया। अमेरिका में ओहायो स्टेट यूनिवर्सिटी के पियरे अगस्टीनी, जर्मनी में मैक्स प्लांक इंस्टीट्यूट ऑफ क्वांटम ऑप्टिक्स तथा लुडविग मैक्सिमिलियन यूनिवर्सिटी ऑफ म्यूनिक के फेंरेस क्रौस और स्वीडन स्थित लुंड यूनिवर्सिटी की एने लुइलिये को भौतिकी के क्षेत्र में इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से नवाजा जाएगा। रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज के महासचिव हैंस एलेग्रेन ने मंगलवार को स्टाकहोम में पुरस्कार की घोषणा की।

एकेडमी के अनुसार, ‘‘उनके प्रयोगों ने मानवता को परमाणुओं और कणों में इलेक्ट्रॉन की दुनिया का अन्वेषण करने के नये औजार उपलब्ध कराये हैं।'' इसमें कहा गया है कि उन्होंने ‘‘प्रकाश की अत्यंत छोटी तरंगें बनाने का तरीका प्रदर्शित किया है जिसका उपयोग उन तीव्र प्रक्रियाओं को मापने के लिए किया जा सकता है जिनमें इलेक्ट्रॉन चलते हैं या ऊर्जा बदलते हैं।'' नोबेल पुरस्कार में 1.1 करोड़ स्वीडिश क्रोनर (10 लाख अमेरिकी डॉलर) की नकद राशि प्रदान की जाती है। यह धन पुरस्कार के संस्थापक स्वीडिश नागरिक अल्फ्रेड नोबेल की संपत्ति में से दिया जाता है जिनका 1896 में निधन हो गया था।

पिछले साल तीन वैज्ञानिकों ने संयुक्त रूप से यह पुरस्कार यह साबित करने के लिए जीता था कि लघु कण अलग किये जाने के बाद भी एक दूसरे से संपर्क बनाकर रखते हैं। पहले इस अवधारणा पर संदेह प्रकट किया गया था लेकिन अब वास्तविक जगत के विभिन्न अनुप्रयोगों के लिए इस पर अनुसंधान किया जा रहा है। इससे पहले सोमवार को चिकित्सा क्षेत्र का नोबेल पुरस्कार काटालिन कारिको और ड्रयू वीसमैन को कोविड-19 से लड़ने के लिए एमआरएनए टीकों के विकास से संबंधित उनकी खोजों के लिए प्रदान करने की घोषणा की गयी। रसायनविज्ञान के क्षेत्र में योगदान के लिए इस पुरस्कार की घोषणा बुधवार को की जाएगी।

बृहस्पतिवार को साहित्य के क्षेत्र के लिए नोबेल पुरस्कार विजेता के नाम की घोषणा की जाएगी। नोबेल शांति पुरस्कार शुक्रवार को और अर्थशास्त्र के लिए नोबेल पुरस्कार की घोषणा नौ अक्टूबर को की जाएगी। नोबेल पुरस्कार विजेताओं को अल्फ्रेड नोबेल की पुण्यतिथि 10 दिसंबर को आयोजित समारोह में सम्मानित करने के लिए आमंत्रित किया जाता है। उनकी इच्छा के अनुसार प्रतिष्ठित नोबेल शांति पुरस्कार ओस्लो में प्रदान किया जाता है, वहीं अन्य समारोह स्टॉकहोम में आयोजित किये जाते हैं।

 

Related Story

Trending Topics

Afghanistan

134/10

20.0

India

181/8

20.0

India win by 47 runs

RR 6.70
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!