Edited By Tanuja,Updated: 27 Nov, 2018 06:12 PM
आपने मॉल में जाकर अपने पसंद की ढेर सारी चीजें खरीदी और आपका बिल कोई और भर दो तो। हालांकि आमतौर पर ऐसा देखने को नहीं मिलता है, लेकिन अमेरिका के डर्बी शहर में कुछ ऐसा ही हुआ है...
वॉशिंगटनः आपने मॉल में जाकर अपने पसंद की ढेर सारी चीजें खरीदी और आपका बिल कोई और भर दो तो। हालांकि आमतौर पर ऐसा देखने को नहीं मिलता है, लेकिन अमेरिका के डर्बी शहर में कुछ ऐसा ही हुआ है। यहां एक शख्स ने वॉलमार्ट के सुपरमार्केट में खरीदारी करने आए लोगों के सारे बिल चुका दिए। पूछने पर उसने खुद को सांता बताया। हालांकि उस शख्स की असली पहचान अब भी लोगों के लिए एक पहेली बनी हुई है।
मॉल में खरीदारी करने आई जूली गेट्स नाम की एक महिला ने इस अजीबोगरीब घटना को सोशल मीडिया पर भी शेयर किया है। इसके साथ ही उसने उस अनजान शख्स की पीछे से ली गई फोटो भी शेयर की है। महिला के पोस्ट पर कई लोगों ने कमेंट भी किया है और बताया है कि उनके बिल भी उसी अनजान शख्स ने भरे हैं। उसने बताया कि वो अपना सारा सामान उठाकर पेमेंट करने के लिए जा रही थी। इसी बीच कैश काउंटर के पास खड़े एक आदमी ने उसे रोक लिया और पूछा कि क्या वो और भी सामान खरीदना चाहती हैं? इसपर महिला ने कहा कि हां, उन्हें और भी चीजें खरीदनी है। इसके बाद शख्स ने उससे कहा कि आप जितना सामान खरीदना चाहती हैं, खरीद लीजिए, मैं आपका बिल भर दूंगा।
महिला ने बताया कि पहले तो उसे लगा कि वो शख्स उससे मजाक कर रहा है, लेकिन जब तक वो सारा सामान खरीदकर वापस नहीं आ गई, वो शख्स वहीं पर खड़ा रहा। इसके बाद उस अनजान शख्स ने महिला का 199 डॉलर यानी करीब 14,000 रुपए का बिल चुका दिया। इसपर महिला ने उससे पूछा कि ऐसे कौन करता है, तो उस शख्स ने खुद की तरफ इशारा करते हुए कहा कि 'सांता'। एक अन्य महिला ने बताया कि उस अनजान आदमी ने उसका 800 डॉलर यानी करीब 56,000 रुपये का बिल भरा।
पूछने पर उस महिला से भी उस शख्स ने अपने आप को सांता बताया। अब सच्चाई चाहे जो भी हो, लेकिन लोगों के लिए तो इससे बढ़कर खुशी की बात और कुछ नहीं हो सकती।मॉल में काम करने वाले एक कर्मचारी ने बताया कि उस शख्स ने उस रात स्टोर में मौजूद सभी लोगों का बिल चुकाया। हालांकि वॉलमार्ट ने ये बताने से इनकार कर दिया कि उस अनजान शख्स ने कुल कितने लोगों का बिल भरा और उसमें उसने कुल कितने पैसे खर्च किए।