Edited By Punjab Kesari,Updated: 21 Jun, 2017 09:22 AM
पंजाब यूनिवर्सिटी को केंद्र की और से मिलने वाली ग्रांट अब हर वर्ष 6 प्रतिशत की दर से बढ़ाकर दी जाएगी।
चंडीगढ़(रश्मि) : पंजाब यूनिवर्सिटी को केंद्र की और से मिलने वाली ग्रांट अब हर वर्ष 6 प्रतिशत की दर से बढ़ाकर दी जाएगी। यू.जी.सी. 2017-18 सत्र के लिए 207.80 करोड़ रुपए की ग्रांट रिलीज करेगी। मानव संसाधन मंत्रालय ने सभी टीचिंग और नॉन टीचिंग स्टाफ को वेतन देने की बात भी मान ली है।
पहले पी.यू. को यू.जी.सी ने सैशन 2015-16 में 176 करोड़ व सैशन 2016-17 में 197.73 करोड़ की ग्रांट दी थी। नई ग्रांट से पी.यू. अपना पुराना घाटा या देनदारी नहीं करेगा जिसकी भरपाई उसे अपनी आय के साधनों से या पंजाब से मिलने वाली ग्रांट से करनी होगी।
साथ ही पी.यू. को यू.जी.सी के सत्र 2017 से निर्धारित नए नियम भी फॉलो करने होंगे जिसके तहत भविष्य में पी.यू. को टीचिंग और नॉन टीचिंग की खाली पड़ी पोस्टें भी भरनी होंगी। उधर पंजाब सरकार ने भी पी.यू. की ग्रांट 26 करोड़ से बढ़ाकर 33 करोड़ कर दी है। यानी पी.यू. को अब पंजाब सरकार हर वर्ष 33 करोड़ की ग्रांट देगी जिससे पी.यू. पर छाया अर्थिक संकट समाप्त होने के आसार बनते दिख रहे हैं।
पंजाब सरकार पी.यू. को ग्रांट बढ़ाकर दे, इसके लिए हाल ही में कुछ सीनेटर भी पंजाब की शिक्षा मंत्री से मिले थे जिन्होंने ग्रांट में 40 फीसदी वृद्धि करने की मांग की थी। वहीं इससे पहले एन.एस.यू.आई और स्टूडैंट काऊंसिल के सदस्य भी पंजाब सरकार के सामने ग्रांट बढ़ाने की मांग रख चुके हैं। स्टूडैंट ने पंजाब सरकार वित्त मंत्री मनप्रीत बादल से भी मुलाकात की थी।