Edited By ,Updated: 31 Mar, 2015 11:55 PM
लैंटर से गिरकर घायल होने के बाद मैडीकल टांडा कालेज में उपचार के लिए लाए गए एक युवक की अस्पताल में मौत हो गई।
कांगड़ा: लैंटर से गिरकर घायल होने के बाद मैडीकल टांडा कालेज में उपचार के लिए लाए गए एक युवक की अस्पताल में मौत हो गई। युवक की मौत होने के बाद परिजनों ने टांडा में प्रदर्शन किया तथा इस मामले की गहराई से छानबीन की मांग करने लगे। परिजनों की मांग थी कि युवक जिस दुकानदार के पास पालमपुर में काम करता है, उस दुकानदार को टांडा लाया जाए। उनका यह यह भी कहना था कियह एक संदिग्ध मौत है। इसकी गहराई से छानबीन होनी चाहिए। उन्होंने आशंका जताई कि लैंटर से गिरना एक हत्या की साजिश हो सकती है।
बताया जा रहा है कि सन्नी (19) निवासी हटवास पिछले कुछ समय से पालमपुर में एक मिठाई की दुकान पर नौकरी करता था। यह युवक 3-4 दिन पूर्व एक जगराते में खाना बनाने अपने साथियों के साथ गया था। बाद में रात को वह अपने साथियों के साथ जहां रहता था वापस लौट आया व लैंटर से गिर गया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल सन्नी को पालमपुर अस्पताल में गंभीर अवस्था में ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए डाक्टर ने उसे टांडा रैफर कर दिया। उपचार के दौरान सन्नी ने घावों के ताव को न सहते हुए मंगलवार को दम तोड़ दिया।
मौत के समाचार के बाद परिजन व हटवास से काफी संख्या में गांववासी टांडा में इकट्ठा होना शुरू हो गए व उसके परिजनों की यह मांग थी कि इस मामले की गहराई से छानबीन की जाए ताकि अगर इसमें कोई आरोपी है तो वह कानून की गिरफ्त से न बच सके। परिजनों का कहना है कि वह शव के पोस्टमार्टम की अपने खर्चे पर वीडियोग्राफी करवाएंगे। लोगों का यह रोष कुछ समय के बाद गण्यमान्य व्यक्ति के आने से ठंडा पड़ा।
इस बारे में पुलिस उप अधीक्षक पालमपुर नवदीप सिंह ने बताया कि जब यह हादसा हुआ तो उसके बाद इस युवक के साथ काम करने वाले इसके साथियों ने इसकी जानकारी दुकान मालिक को दी। उन्होंने बताया कि इसकी जानकारी पुलिस को मिली और पुलिस दल ने मौके पर जाकर जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मैंने फोरंैसिक टीम से घटनास्थल का मुआयना करवाया है। उन्होंने कहा कि पुलिस हर तरह से मामले की गहराई से छानबीन कर रही है।