Edited By ,Updated: 04 Jul, 2015 03:58 PM
झारखंड में एक लड़की ने घर में शौचालय न होने के कारण खौफनाक कदम उठा लिया। जानकारी के मुताबिक दुमका कस्बे के शास्त्री नगर स्थित अपने घर में 17 वर्षीय खूबू कुमारी ने फांसी लगा कर खुदकुशी कर ली।
दुमका (झारखंड): झारखंड में एक लड़की ने घर में शौचालय न होने के कारण खौफनाक कदम उठा लिया। जानकारी के मुताबिक दुमका कस्बे के शास्त्री नगर स्थित अपने घर में 17 वर्षीय खूबू कुमारी ने फांसी लगा कर खुदकुशी कर ली। घटना के समय ट्रक चालक उसके पिता पाकुड़ गए हुए थे और उसकी मां नजदीक के एक खेत गई हुई थी।
परिवार के सदस्यों के हवाले से दुमका के पुलिस अधीक्षक विपुल शुक्ला ने बताया कि यहां पर बी.ए प्रथम वर्ष की छात्रा कल अपने घर के छत्त से लटकी हुई पाई गई। एसपी ने बताया कि उसकी मां संजू देवी के हवाले से कहा कि खूबू चाहती थी कि उसकी शादी से पहले एक शौचालय का निर्माण होना चाहिए। शुक्ला के अनुसार संजू देवी ने बताया कि उसके पास पैसा नहीं था जिसके कारण शौचालय निर्माण करने में वह असमर्थ थी और इस कारण उसकी शादी नहीं करा पा रही थी। शुक्ला ने यहां बताया, ‘‘अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है।’’
पुलिस उप महानिरीक्षक डीबी शर्मा ने बताया, ‘‘यह घटना आंख खोलने वाली है क्योंकि यह स्वच्छता अभियान और महिलाओं के लिए शौचालयों के निर्माण के बीच हुआ है।’’ आज जारी एक अधिकारिक बयान में दुमका के उपायुक्त (डीसी) राहुल कुमार सिन्हा ने इस घटना को ‘बेहद दुखदाई ’ करार दिया।
स्वत: संज्ञान लेते हुए सिन्हा ने पुलिस जांच का आदेश दिया है और दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने का आदेश दिया है। बयान में डीसी ने बताया, ‘‘रिपोर्टों के मुताबिक, लड़की और उसकी मां के बीच में लड़ाई होने लगी थी।’’ उन्होंने एक और दो माह के भीतर ‘निर्मल ग्राम ’ योजना के तहत शौचालयों के निर्माण करने और यह सुनिश्चित करने का आदेश दिया कि जिले के हर घर में एक शौचालय हो। ’’