Edited By Priyanka rana,Updated: 15 Dec, 2018 10:39 AM
ढकोली के ग्रीन सिटी स्थित शिव मंदिर के नजदीक शुक्रवार सुबह एक गाय ने एक वृद्धा, 2 मासूमों व तीन अन्य लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया।
जीरकपुर(गुरप्रीत) : ढकोली के ग्रीन सिटी स्थित शिव मंदिर के नजदीक शुक्रवार सुबह एक गाय ने एक वृद्धा, 2 मासूमों व तीन अन्य लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गाय ने सुबह करीब 8:30 बजे क्षेत्र में आतंक फैलाते हुए पंचकूला स्थित हॉलमार्क स्कूल जा रहे 2 मासूमों आदित्य (7) व अक्षित (9) पर हमला किया। मासूम आदित्य के सिर, बाजू, हाथों और लातों पर गंभीर चोटें लगी हैं।
उसके बड़े भाई अक्षित ने बड़ी मुश्किल से भागकर खुद को बचाया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक दूध वाले ने इन बच्चों को बचाने की कोशिश की तो गाय ने उसे भी टक्कर मार दी। इसके बाद यहीं नजदीक ही शांति एन्क्लेव में सैर कर रहे व्यक्ति को गाय ने सींगों पर उठा लिया और पटक दिया, जिससे वह बेहोश हो गया। उन्हें गंभीर चोटें आईं हैं।
इसी दौरान बुजुर्ग हेम लता (72) को भी गाय ने सींगों से टक्कर मार दी। इसी दौरान करीब साढ़े 10 बजे यह मंदिर में माथा टेकने आए बी.एन. पांडे को भी उसी गाय ने सींगों पर उठाकर पटक दिया।