Edited By Punjab Kesari,Updated: 31 May, 2018 07:28 PM
रामदरबार में चारपाई से बाइक टकराने को लेकर दो युवक के बीच जमकर बहस हो गई।
चंडीगढ़ (सुशील): रामदरबार में चारपाई से बाइक टकराने को लेकर दो युवक के बीच जमकर बहस हो गई। बहस का बदला लेने के लिए बाइक सवार युवक अपने एक दर्जन दोस्तों के साथ चारपाई वाले युवक के घर पर हमला कर दिया।
हमलावारों ने शिकायतकर्ता की बेटी के साथ भी छेड़छाड़ की। युवक ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल विनोद, आशुतोष, विजय कुमार, सविता, सतीश, करिश्मा व महेंद्र सिंह को जी.एम.सी.एच.-32 में भर्ती करवाया।
पुलिस ने हमला करने वाले दो युवक साहिल और शुभम को काबू कर लिया। सैक्टर-31 थाना पुलिस ने रामदरबार निवासी साहिल, शुभम, रॉकी, काका, गोरा, मोहित, मोटा, गिरी समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्जकर लिया।
पुलिस ने बताया कि रामदरबार निवासी एक युवक गर्मी के चलते बुधवार शाम घर के बाहर चारपाई पर बैठा हुआ था। इस दौरान साहिल की बाइक युवक की चारपाई से टकरा गई। टक्कर लगने को लेकर साहिल और युवक के बीच बहस हो गई। लोगों ने दोनों को साइड में कर दिया।
थोड़ी देर बाद साहिल अपने दोस्तों के साथ युवक पर डंड़ों से हमला कर दिया। हमला करने वालों ने उसके घर के सदस्य विनोद, आशुतोष, विजय कुमार, सविता, सतीश, करिश्मा व महेंद्र सिंह को जख्मी कर दिया। सैक्टर-31 थाना पुलिस फरार हमलावरों की तलाश कर रही है।