Edited By Sarita Thapa,Updated: 28 Nov, 2026 12:01 PM

हिंदू धर्म में सूर्य देव को प्रत्यक्ष देवता माना जाता है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, जब सूर्य एक राशि से दूसरी राशि में प्रवेश करते हैं, तो उस दिन को संक्रांति कहा जाता है। साल में कुल 12 संक्रांतियां आती हैं और हर संक्रांति का अपना विशेष धार्मिक...
Dhanu Sankranti 2026 Date : हिंदू धर्म में सूर्य देव को प्रत्यक्ष देवता माना जाता है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, जब सूर्य एक राशि से दूसरी राशि में प्रवेश करते हैं, तो उस दिन को संक्रांति कहा जाता है। साल में कुल 12 संक्रांतियां आती हैं और हर संक्रांति का अपना विशेष धार्मिक महत्व होता है। इन्हीं में से एक है धनु संक्रांति। इस दिन सूर्य देव वृश्चिक राशि से निकलकर धनु राशि में प्रवेश करते हैं। इसी के साथ खरमास की शुरुआत हो जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, खरमास के दौरान विवाह, गृह प्रवेश, मुंडन और अन्य मांगलिक कार्य शुभ नहीं माना जाता है। हालांकि इस पूरे महीने पाठ-पूजा, मंत्र-जाप, धार्मिक यात्रों और दान-पुण्य का विशेष महत्व बताया गया है। तो आइए जानते हैं साल 2026 में धनु संक्रांति किस दिन मनाई जाएगी, खरमास कब से शुरू होगा।
कब है धनु संक्रांति 2026 ?
पंचांग के अनुसार, साल 2026 में धनु संक्रांति 16 दिसंबर, बुधवार को मनाई जाएगी। इस दिन सूर्य देव सुबह लगभग 10 बजकर 29 मिनट पर धनु राशि में प्रवेश करेंगे। सूर्य के इस राशि परिवर्तन के साथ ही खरमास का आरंभ हो जाएगा।
धनु संक्रांति 2026 पुण्य काल और महा पुण्य काल
धनु संक्रांति के दिन स्नान और दान का विशेष महत्व माना जाता है। इस दिन पवित्र नदी में स्नान करना संभव न हो तो घर पर ही स्नान के पानी में गंगाजल मिलाकर स्नान किया जा सकता है।
धनु संक्रांति की तारीख: 16 दिसंबर 2026, बुधवार
संक्रांति का समय: सुबह 10:29 बजे
पुण्य काल: सुबह 10:29 बजे से शाम 4:00 बजे तक
महा पुण्य काल: सुबह 10:29 बजे से दोपहर 12:13 बजे तक
कब से कब तक रहेगा खरमास 2026?
धनु संक्रांति के साथ ही खरमास शुरू हो जाएगा। ज्योतिषीय गणना के अनुसार, जब सूर्य धनु राशि में रहते हैं, तब इस अवधि को खरमास कहा जाता है। साल 2026 में खरमास 16 दिसंबर से शुरू होकर मकर संक्रांति तक रहेगा। मकर संक्रांति 15 जनवरी 2027 को मनाई जाएगी। इसके बाद शुभ और मांगलिक कार्यों के मुहूर्त दोबारा शुरू होने लगेंगे।