Edited By Niyati Bhandari,Updated: 26 Nov, 2026 01:42 PM

Ganadhipa Sankashti Chaturthi 2026: गणाधिप संकष्टी चतुर्थी 2026 में 27 नवंबर को रखी जाएगी। जानें, चतुर्थी तिथि की सटीक समय सीमा, विघ्नहर्ता गणेश जी की कलश स्थापना, पूजन विधि, 108 बार जप का विशेष मंत्र और फलाहार नियम।
Ganadhipa Sankashti Chaturthi 2026: हिंदू धर्म में संकष्टी चतुर्थी का व्रत अत्यंत पावन और फलदायी माना जाता है। हर माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को रखा जाने वाला यह व्रत प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश को समर्पित होता है। मान्यता है कि संकष्टी चतुर्थी पर विघ्नहर्ता गणेश जी की विधि-विधान से पूजा और व्रत करने से साधक के जीवन के समस्त संकट, बाधाएं और कष्ट दूर हो जाते हैं। मार्गशीर्ष / कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष में आने वाली इस चतुर्थी को गणाधिप संकष्टी चतुर्थी के नाम से जाना जाता है। इस दिन भगवान गणेश के विशेष 'गणाधिप' स्वरूप की आराधना की जाती है।

गणाधिप संकष्टी चतुर्थी 2026: तिथि और पंचांग
वैदिक पंचांग के अनुसार, साल 2026 में गणाधिप संकष्टी चतुर्थी का पावन व्रत 27 नवंबर 2026, दिन शुक्रवार को रखा जाएगा।
चतुर्थी तिथि का प्रारंभ: 27 नवंबर 2026 को सुबह 09:48 बजे से।
चतुर्थी तिथि का समापन: 28 नवंबर 2026 को सुबह 06:39 बजे तक।
चूंकि गणाधिप संकष्टी चतुर्थी के व्रत में चंद्रोदय (चंद्र दर्शन) का मुख्य महत्व होता है और 27 नवंबर की रात को चतुर्थी तिथि विद्यमान रहेगी, इसलिए 27 नवंबर को ही यह व्रत रखना शास्त्र सम्मत है।

गणाधिप संकष्टी चतुर्थी पूजा विधि
घर की उत्तर-पूर्व दिशा में लाल कपड़ा बिछाकर, तांबे के लोटे में जल, दूध, अक्षत, सुपारी, सिक्के, इत्र डालकर तथा लोटे के मुख पर अशोक के पत्ते पर श्रीफल रखकर गणाधिप कलश स्थापित करें। साथ ही गणेशजी का चित्र व यंत्र रखकर षोडशोपचार पूजन करें। गाय के घी में सिंदूर मिलाकर दीपक करें, चंदन की धूप करें, लाल चंदन से कलश पर त्रिपुंड बनाएं, लाल कनेर के फूल चढ़ाएं, 4 अंजीर चढ़ाएं, मोतीचूर के लड्डू का भोग लगाएं। रुद्राक्ष की माला से 108 बार यह विशेष मंत्र जपें। शाम के समय चंद्रोदय के समय तांबे के लोटे में जल, इत्र, हल्दी, चंदन, रोली मिलाकर चंद्रमा को अर्ध्य दें व भोग प्रसाद स्वरूप सभी में वितरित करें।
मंत्र: ॐ गणाधिपं गणनाथम् गजाननम् नमः॥
गणाधिप संकष्टी चतुर्थी व्रत में क्या खाएं?
संकष्टी चतुर्थी का व्रत श्रद्धालु अपनी श्रद्धा और क्षमता के अनुसार निर्जला, निराहार या फलाहारी रख सकते हैं। फलाहार व्रत रखने वाले साधकों को निम्नलिखित सात्विक चीजों का सेवन करना चाहिए जैसे ताजे फल, साबूदाना, सेंधा नमक, दूध और दूध से बने पदार्थ।
गणाधिप संकष्टी चतुर्थी व्रत में इन चीजों से करें परहेज
अनाज का सेवन न करें। प्याज और लहसुन से दूरी बनाए रखें। मांस, मछली या अंडे न खाएं। साधारण नमक, बासी तथा अशुद्ध भोजन से परहेज करें। शराब, तंबाकू या किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रहें।
