Edited By Sahil Kumar,Updated: 27 Nov, 2026 02:45 PM

केंद्र सरकार ने शुक्रवार को सभी सांसदों से अपील की कि वे संसद के विशेष सत्र का सुचारू संचालन सुनिश्चित करें, जिसमें ''बहुत महत्वपूर्ण विधेयकों'' पर चर्चा की जाएगी।
नई दिल्लीः केंद्र सरकार ने शुक्रवार को सभी सांसदों से अपील की कि वे संसद के विशेष सत्र का सुचारू संचालन सुनिश्चित करें, जिसमें ''बहुत महत्वपूर्ण विधेयकों'' पर चर्चा की जाएगी। संसद के चार दिवसीय सत्र की घोषणा किए जाने के एक दिन बाद संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने कहा कि यह सुनिश्चित करना सभी सदस्यों की संयुक्त जिम्मेदारी है कि दुनिया का सबसे बड़ा संसदीय लोकतंत्र, भारत एक मिसाल कायम करे।
उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ''सांसदों से मेरी अपील है कि वे संसद का सुचारू संचालन सुनिश्चित करें। हमें अपने लोकतंत्र पर गर्व है और हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि संसद सुचारू रूप से चले।'' रीजीजू ने बताया कि सरकार ने चार दिवसीय विशेष सत्र बुलाया है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और एक दिसंबर को होगी, जबकि राज्यसभा की बैठक दो और तीन दिसंबर को होगी।
उन्होंने कहा, ''जब सरकार कोई सत्र या विशेष सत्र बुलाती है, तो इसका मतलब होता है कि देश के लिए बहुत महत्वपूर्ण विधेयक या कामकाज हैं।'' मंत्री ने कहा कि संसद के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने में सांसदों की विशेष भूमिका और बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा, ''सदस्यों को सहमत होने या असहमत होने के सभी अधिकार और स्वतंत्रताएं प्राप्त हैं। लेकिन सदन में इनका इस्तेमाल नियमों और परंपराओं के उचित दायरे में किया जाना चाहिए।''
विशेष सत्र की घोषणा बृहस्पतिवार को ''महत्वपूर्ण'' कामकाज निपटाने के लिए की गई थी। इस बीच, ऐसे संकेत मिले हैं कि सरकार महिला आरक्षण लागू करने को परिसीमन से जोड़ने वाले संविधान संशोधन विधेयक को फिर से पेश कर सकती है। सरकार लंबे समय से संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने की कोशिश कर रही है।
इस विधेयक में परिसीमन के जरिए लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों की संख्या बढ़ाकर अधिकतम 850 करने का प्रस्ताव है। सत्तारूढ़ दल के सदस्यों का कहना है कि इससे 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का रास्ता साफ होगा। सरकार द्वारा इस प्रस्तावित विधेयक को संसद में पारित कराने की पिछली कोशिश अप्रैल में पर्याप्त संख्या में समर्थन नहीं मिलने के कारण विफल हो गई थी।