Edited By Sarita Thapa,Updated: 28 Nov, 2026 01:40 PM

कोशल देश के राजा बड़े दानवीर थे। उनकी दानशीलता का यश दूर-दूर तक फैला हुआ था। कोशलराज की यह कीर्ति काशी महाराज को सहन न हुई। उन्होंने कोशल पर चढ़ाई कर दी।
कोशल देश के राजा बड़े दानवीर थे। उनकी दानशीलता का यश दूर-दूर तक फैला हुआ था। कोशलराज की यह कीर्ति काशी महाराज को सहन न हुई। उन्होंने कोशल पर चढ़ाई कर दी। उस लड़ाई में कोशलराज की हार हुई। प्राण बचाने के लिए वे जंगल में भाग गए। सब कहने लगे- ‘राहू चंद्रमा को निगल गया। लक्ष्मी ने भी बलवान को पसंद किया, धर्मात्मा की तरफ न देखा। हमारे सिर का छत्र चला गया।’
काशीराज ने जब इस तरह की बातें सुनीं तो उन्हें और ईर्ष्या होने लगी, लोगों की बातें सुन-सुनकर वे और जलने लगे। उन्होंने ढिंढोरा पिटवा दिया कि जो कोई कोशलराज को जिंदा या मरा हुआ लाएगा, उसे एक हजार अशर्फियां ईनाम दी जाएंगी। उधर कोशलराज फटेहाल जंगल-जंगल मारे फिर रहे थे। एक दिन एक दुर्दशा से ग्रस्त किसी व्यापारी पथिक ने उनसे कोशल देश का रास्ता पूछा। राजा ने पूछा- “उस अभागे देश में क्यों जा रहा है भाई?”
व्यापारी ने अपने दुर्दशा कह सुनाई। उसकी धनहानि की गाथा सुनकर राजा के नेत्र भी सजल हो गए। बोले- “चल तेरी मनोकामना-पूर्ति का मार्ग बताऊं।” जटाजूट राजा उसे काशीराज के दरबार में ले गए और कहा- “काशीराज, मैं ही कोशलराज हूं। मुझे पकड़कर लाने वाले के लिए आपने जो ईनाम घोषित किया है, वह मेरे इस साथी को प्रदान कराइए।”
सभा में सन्नाटा छा गया। काशीराज भी स्तब्ध रह गए। कुछ क्षण बाद वे बोले- “कोशलराज, तुम धन्य हो। मैं तुम्हें तुम्हारा सारा राज्य वापस देता हूं और अपना हृदय भी। अब इसी सिंहासन पर बैठकर राज्य भंडार में से इस वणिक को तुम जितना चाहे धन दे दो।” यह कहकर काशीराज सिंहासन से उठे, कोशलराज को सिंहासन पर बिठाया और अपने सिर से मुकुट उतारकर उन्हें पहना दिया। सभा जय-जयकार करने लगी।