Edited By Niyati Bhandari,Updated: 24 Nov, 2026 02:29 PM

Mahakal Sawari Ujjain: उज्जैन में कार्तिक माह की दूसरी सवारी में बाबा महाकाल चांदी की पालकी में विराजित होकर नगर भ्रमण पर निकले। जानिए, सवारी के मार्ग, पूजन विधि और आगामी 30 नवंबर व 7 दिसंबर की सवारियों की जानकारी।
उज्जैन: धार्मिक नगरी उज्जैन में विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकाल कार्तिक माह की दूसरी सवारी में अपनी प्रजा का हाल जानने के लिए राजसी वैभव के साथ नगर भ्रमण पर निकले। सोमवार शाम 4 बजे महाकाल मंदिर के सभामंडप में पूर्ण विधि-विधान से पूजन-अर्चन के बाद सवारी का भव्य शुभारंभ हुआ। चांदी की पालकी में विराजित होकर बाबा महाकाल ने श्रद्धालुओं को दर्शन दिए, वहीं पूरे मार्ग में भक्तों ने पुष्पवर्षा और जयकारों के साथ अपने आराध्य का स्वागत किया।
विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकाल सोमवार को कार्तिक माह की दूसरी सवारी में राजसी ठाट-बाट के साथ नगर भ्रमण पर निकले। शाम 4 बजे महाकाल मंदिर के सभामंडप में विधि-विधान से पूजन-अर्चन के बाद सवारी का शुभारंभ हुआ। चांदी की पालकी में विराजित बाबा महाकाल ने अपनी प्रजा को दर्शन देकर भक्तों का हाल जाना।
सवारी में मंदिर प्रबंध समिति का महाकाल बैंड, भजन मंडलियां, पुलिस बैंड, घुड़सवार दल और सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल हुए। सवारी के मार्ग पर जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा और जयकारों के साथ बाबा का भव्य स्वागत किया। बड़ी संख्या में भक्तों ने भगवान महाकाल के दर्शन कर पुण्य लाभ लिया।

सवारी महाकाल मंदिर से शुरू होकर महाकाल रोड, गुदरी चौराहा, बक्षी बाजार और कहारवाड़ी होते हुए रामघाट पहुंची। यहां मोक्षदायिनी मां शिप्रा के जल से भगवान महाकाल का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। पूजन के बाद सवारी परंपरागत मार्गों से होती हुई पुनः महाकाल मंदिर पहुंची।
कार्तिक-अगहन मास में अभी दो सवारियां शेष हैं। तीसरी सवारी 30 नवंबर और चौथी एवं अंतिम राजसी सवारी 7 दिसंबर को निकाली जाएगी। इन सवारियों को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है।
