Edited By Niyati Bhandari,Updated: 09 Oct, 2026 07:32 AM

मां दुर्गा के जयकारों से गूंजने को तैयार दिल्ली, नवरात्र के स्वागत में मंदिरों को भव्य रूप से सजाया जा रहा है। कहीं आकर्षक तोरणद्वार श्रद्धालुओं का स्वागत करेंगे तो कहीं मां के दर्शन के लिए कतारों और प्रवेश-निकास की विशेष व्यवस्था की जा रही है।...
नई दिल्ली (नवोदय टाइम्स): मां दुर्गा के जयकारों से गूंजने को तैयार दिल्ली, नवरात्र के स्वागत में मंदिरों को भव्य रूप से सजाया जा रहा है। कहीं आकर्षक तोरणद्वार श्रद्धालुओं का स्वागत करेंगे तो कहीं मां के दर्शन के लिए कतारों और प्रवेश-निकास की विशेष व्यवस्था की जा रही है। शारदीय नवरात्र महोत्सव को लेकर राजधानी के प्रमुख शक्तिपीठों, सिद्धपीठों और धार्मिक संस्थानों में तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
झंडेवालान देवी मंदिर, कालका जी मंदिर, माता नीलम देवी मंदिर, श्री आद्याकात्यानी शक्तिपीठ मंदिर सहित अन्य मंदिरो में भारी तादाद में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा से लेकर प्रसाद वितरण तक के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
खास: महोत्सव को लेकर राजधानी के मंदिरों में उत्सवी माहौल बनने लगा है। मंदिर परिसरों को आकर्षक रोशनी, फूलों और भव्य तोरणद्वारों से सजाया जा रहा है। नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधन व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। दर्शन के लिए कतारें, प्रवेश और निकास के अलग-अलग रास्ते, भंडारे, भजन-कीर्तन और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्राचीन ऐतिहासिक झंडेवालान देवी मंदिर में भी नवरात्र महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। मंदिर प्रशासन के अनुसार, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुचारू दर्शन सुनिश्चित करने के लिए करीब एक महीने से लगातार बैठकें की जा रही हैं।
तीन रास्तों से मिलेगा मंदिर में प्रवेश: झंडेवालान देवी मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए प्रवेश और निकास की विशेष व्यवस्था की गई है। रानी झांसी मार्ग, देशबंधु गुप्ता मार्ग और वरुणालय की तरफ से मंदिर में प्रवेश किया जा सकेगा। मां के दर्शन के बाद श्रद्धालु निर्धारित निकास द्वार से बाहर निकलेंगे, जहां उन्हें भंडारे का प्रसाद दिया जाएगा। मंदिर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परिसर में किसी भी प्रकार का प्रसाद चढ़ाने की व्यवस्था नहीं होगी।
सुबह चार बजे और शाम सात बजे होगी आरती: नवरात्र के दौरान मंदिर में प्रतिदिन सुबह चार बजे और शाम सात बजे मां की आरती होगी। सुबह से शाम तक विभिन्न कीर्तन मंडलियां भवन परिसर में मां का गुणगान करेंगी। सभी कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण यूट्यूब और फेसबुक पर भी किया जाएगा। मंदिर परिसर और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। सुरक्षा कर्मियों के साथ पुलिस भी निगरानी रखेगी।
भीड़ को नियंत्रित करने और दर्शन व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारू दर्शन मंदिर प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।