'थैंक्सगिविंग' से पहले अमेरिका में हवाई संकट; डेल्टा एयरलाइंस की 2000 उड़ानों में देरी, यात्रियों में अफरा-तफरी

Edited By Updated: 23 Nov, 2026 11:51 AM

2000 flights delayed in us as delta suffers tech issue

अमेरिका में थैंक्सगिविंग से पहले डेल्टा एयरलाइंस की स्वचालित वजन गणना प्रणाली खराब होने से रविवार को हजारों उड़ानें प्रभावित हुईं। फ्लाइटअवेयर के अनुसार, करीब 58 प्रतिशत उड़ानों में देरी हुई। कंपनी ने मैनुअल प्रक्रिया अपनाई और यात्रियों के लिए होटल,...

New York: अमेरिका में 'थैंक्सगिविंग' अवकाश से पहले यात्रा के व्यस्त दौर के बीच 'डेल्टा एयरलाइंस' की एक स्वचालित प्रणाली में तकनीकी खराबी आने से रविवार को उसकी 1,000 से अधिक विमान सेवाओं में देरी हुई। जिस प्रणाली में खराबी आई है वह विमान के कुल वजन की गणना करती है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उड़ान के समय विमान का वजन निर्धारित सुरक्षित सीमा से अधिक न हो। विमानन कंपनी ने रविवार सुबह बताया कि तकनीकी समस्या दूर करने के प्रयास जारी हैं और इस बीच उड़ानों का संचालन सुनिश्चित करने के लिए उसके कर्मचारी 'मैनुअल' प्रक्रिया का सहारा ले रहे हैं। कई घंटे बाद कंपनी ने प्रणाली के दोबारा काम करने की पुष्टि की, हालांकि उड़ानों का संचालन तब तक पूरी तरह सामान्य नहीं हो सका था।

 

डेल्टा ने कहा कि वह प्रभावित यात्रियों के लिए भोजन और होटल में ठहरने की व्यवस्था कर रही है। कंपनी ने उम्मीद जताई कि उन सभी विमानों को दिन समाप्त होने तक रवाना कर दिया जाएगा जिनके प्रस्थान में देरी हुई है। रविवार सुबह अमेरिका के संघीय विमानन प्रशासन (FAA) ने डेल्टा के प्रमुख केंद्र और दुनिया के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में शामिल 'हार्ट्सफील्ड-जैक्सन अटलांटा' अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर आने वाले कुछ विमानों पर करीब एक घंटे के लिए अस्थायी रोक लगा दी थी। एफएए के एक दस्तावेज के अनुसार, विमान के वजन और संतुलन को निर्धारित सीमा के भीतर रखना उड़ान सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। तय सीमा से अधिक वजन होने पर विमान की संरचनात्मक मजबूती प्रभावित हो सकती है। हालांकि, एफएए ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर स्पष्ट किया कि उड़ानों में हुई देरी का उसकी हवाई यातायात नियंत्रण प्रणालियों से कोई संबंध नहीं है। इस महीने की शुरुआत में भी FAA  के नेटवर्क में तकनीकी खराबी के कारण पूरे अमेरिका में उड़ानों पर चार घंटे से अधिक समय तक रोक लगानी पड़ी थी।

 

यह पिछले 25 वर्ष में देशव्यापी स्तर पर उड़ानों पर लगाई गई सबसे लंबी रोक थी। इसके कारण बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द हुई थीं या उनमें देरी हुई थी। इसके कुछ ही दिनों बाद 'यूनाइटेड एयरलाइंस' की प्रणाली में भी तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसके कारण उसके कई वितानों की रवानगी प्रभावित हुई थी। डेल्टा एयरलाइंस में यह खराबी ऐसे समय सामने आई है, जब अमेरिका में तकनीकी समस्याओं के कारण लोगों की दैनिक गतिविधियों में व्यवधान की घटनाएं बढ़ रही हैं। थैंक्सगिविंग से कुछ दिन पहले हुई इस परेशानी ने यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। अमेरिका में थैंक्सगिविंग के आसपास का समय हवाई यात्रा के सबसे व्यस्त दौर में से एक माना जाता है। उड़ानों की निगरानी करने वाली वेबसाइट 'फ्लाइटअवेयर' के अनुसार, रविवार शाम तक डेल्टा की लगभग 58 प्रतिशत यानी करीब 2,000 उड़ान में विलंब हुआ था। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका कि इनमें से कितनी उड़ानें अटलांटा हवाई अड्डे से आने-जाने वाली थीं।

 

'फ्लाइटअवेयर' के आंकड़ों के मुताबिक, अटलांटा हवाई अड्डे से रवाना होने वाली लगभग 58 प्रतिशत और वहां पहुंचने वाली करीब 50 प्रतिशत उड़ानों में देरी दर्ज की गई। इस हवाई अड्डे पर अधिकांश उड़ानों का संचालन डेल्टा एयरलाइंस करती है। डेल्टा ने बताया कि फ्लाइटअवेयर की ओर से दर्ज उड़ानों में देरी और रद्द होने के लगभग 70 प्रतिशत मामले स्वचालित प्रणाली में आई खराबी से जुड़े थे, जबकि शेष मामले खराब मौसम से जुड़े थे। दोपहर बाद विमानन कंपनी ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए माफी मांगी। कंपनी ने कहा कि प्रभावित यात्रियों के लिए वैकल्पिक विमानों में बुकिंग की जा रही है। जरूरत पड़ने पर भोजन और होटल में ठहरने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही,उड़ान रद्द होने की स्थिति में यात्रियों को टिकट का पैसा वापस करने की पेशकश की गई है। फ्लाइटअवेयर के अनुसार, रविवार को डेल्टा एयरलाइंस की लगभग तीन प्रतिशत उड़ानें रद्द कर दी गईं। 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!