Edited By Seema Sharma,Updated: 02 Dec, 2018 08:53 AM
दिल्ली की जनता को ‘आप’ सरकार के काम काफी पसंद आ रहे हैं। एक सर्वे में शामिल ज्यादातर लोगों का कहना है कि वे अरविंद केजरीवाल को फिर से मुख्यमंत्री के तौर पर देखना चाहते हैं
नई दिल्ली: दिल्ली की जनता को ‘आप’ सरकार के काम काफी पसंद आ रहे हैं। एक सर्वे में शामिल ज्यादातर लोगों का कहना है कि वे अरविंद केजरीवाल को फिर से मुख्यमंत्री के तौर पर देखना चाहते हैं। ‘नेता एप’ ने 70,000 लोगों से दिल्ली की मौजूदा ‘आप’ सरकार पर उनकी राय जानी। इसमें शामिल 65 फीसदी लोगों ने कहा कि उन्हें केजरीवाल सरकार का काम पसंद आया। हालांकि 35 फीसदी लोगों ने यह कहा कि उन्हें न तो सरकार का काम पसंद आया और न ही वे केजरीवाल को दोबारा सी.एम. बनते देखना चाहते हैं।
सर्वे के नतीजों से यह साफ है कि आम आदमी पार्टी फिर से दिल्ली में सरकार बना सकती है। हालांकि इस बार जीत उतनी बड़ी नहीं होगी। सर्वे के हिसाब से ‘आप’ दिल्ली में 44 सीटें जीत सकती है। साऊथ-वैस्ट दिल्ली में पार्टी कमजोर होती दिख रही है। सर्वे से यह भी पता चला कि पिछड़े वर्ग और लोअर मिडल क्लास के लोग पार्टी का मजबूत वोट बैंक हैं।
राहुल को भी छोड़ा पीछे
62 प्रतिशत लोगों का मानना है कि केजरीवाल मुख्यमंत्री के तौर पर शीला दीक्षित से बेहतर हैं। प्रधानमंत्री पद की बात करें तो भी राहुल गांधी केजरीवाल से पीछे नजर आते हैं। पी.एम. के तौर पर सर्वे में शामिल लोगों की पहली पसंद तो नरेन्द्र मोदी ही हैं लेकिन दूसरे नम्बर पर अरविंद केजरीवाल हैं। 24 प्रतिशत लोग चाहते हैं कि अरविंद केजरीवल पी.एम. बनें। मोदी को पी.एम. के तौर पर 61 प्रतिशत लोगों का समर्थन मिला है।
पसंद आई डोर स्टैप डिलीवरी
दिल्ली वालों को ‘आप’ सरकार की योजना सेवाओं की डोर स्टैप डिलीवरी काफी पसंद आई। मोहल्ला क्लीनिकों को भी काफी पसंद किया जा रहा है। हालांकि सीङ्क्षलग के मुद्दे पर लोग काफी नाराज हैं। पॉल्यूशन में कुछ सुधार न आ पाना भी सरकार से नाराजगी की एक वजह है।