Edited By Pardeep,Updated: 16 Jun, 2026 03:43 AM

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में ऑनलाइन सामान पहुंचाने वाली कंपनी ब्लिंकिट के एक स्टोर पर बेहद गंभीर आरोप लगे हैं, जिससे ग्राहकों की सुरक्षा पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा हो गया है।
मुंबई: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में ऑनलाइन सामान पहुंचाने वाली कंपनी ब्लिंकिट के एक स्टोर पर बेहद गंभीर आरोप लगे हैं, जिससे ग्राहकों की सुरक्षा पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा हो गया है। मुंबई के व्यस्त Quick-commerce हब कुर्ला वेस्ट स्थित ब्लिंकिट स्टोर (ES-210) के खिलाफ सामने आई इन शिकायतों ने हड़कंप मचा दिया है।
सोशल मीडिया पर वीडियो ने खोला 'राज'
इस सनसनीखेज मामले का खुलासा तब हुआ जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल होने लगा। इस वीडियो में कथित तौर पर दिखाया गया है कि स्टोर के भीतर दूध के पैकेट बेचे जा रहे हैं, लेकिन उनकी एक्सपायरी डेट (समाप्ति तिथि) को जानबूझकर मिटा दिया गया है। यह वीडियो सामने आने के बाद से ही उन ग्राहकों में भारी आक्रोश है जो रोजमर्रा की जरूरी चीजों के लिए इन ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर भरोसा करते हैं। हालांकि पंजाब केसरी इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
जनता की सेहत पर मंडराया 'खतरा'
अगर ये आरोप सच साबित होते हैं, तो यह सीधे तौर पर उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा (Food Safety) के साथ किया गया एक बड़ा खिलवाड़ है। दूध जैसी संवेदनशील सामग्री के साथ ऐसी छेड़छाड़ जानलेवा साबित हो सकती है। फिलहाल, इस मामले में प्रशासन से सख्त और निष्पक्ष जांच की उम्मीद की जा रही है ताकि दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जा सके और कंपनी की जवाबदेही तय की जा सके।
सावधान! आंखें मूंदकर न करें भरोसा
इस चौंकाने वाले खुलासे के बीच आम जनता को भी अलर्ट रहने की जरूरत है। विशेषज्ञों और जागरूक नागरिकों की ओर से सलाह दी गई है कि कोई भी खाद्य सामग्री या दूध का पैकेट खरीदने से पहले उसकी पैकेजिंग और एक्सपायरी डेट की बारीकी से जांच जरूर करें। आपकी एक छोटी सी लापरवाही सेहत पर भारी पड़ सकती है।