Edited By vasudha,Updated: 02 Nov, 2019 06:03 PM
तीस हजारी अदालत परिसर में शनिवार दोपहर वकीलों और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प हो गयी। इस दौरान पुलिस के नौ वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। अधिकारियों ने इस बारे में बताया...
नेशनल डेस्क: तीस हजारी अदालत परिसर में शनिवार दोपहर वकीलों और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प हो गयी। इस दौरान पुलिस के नौ वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। अधिकारियों ने इस बारे में बताया। वकीलों ने आरोप लगाया कि उनके दो सहयोगी घायल हो गए। इसमें एक पुलिस की गोलीबारी में घायल हुआ। हालांकि, पुलिस ने इनकार किया कि उसने गोली चलायी ।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पार्किंग के मुद्दे पर कुछ वकीलों और पुलिसकर्मियों के बीच बहस होने के बाद घटना ने गंभीर रूप अख्तियार कर लिया। अधिकारियों ने बताया कि झड़प के दौरान एक वाहन में आग लगा दी गयी और आठ अन्य को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। दमकल विभाग ने मौके पर 10 गाड़ियों को भेजा है। झड़प के बाद घटनास्थल पर भारी संख्या में पुलिसकर्मियों और दंगा रोधी वाहनों को तैनात किया गया।
बहरहाल, अदालत परिसर के द्वार के सामने बैठकर प्रदर्शन करते हुए वकीलों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने घटना के दौरान गोली चलायी और इसमें संलिप्त कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। दिल्ली कांग्रेस प्रमुख सुभाष चोपड़ा पार्टी सदस्यों के साथ अदालत परिसर पहुंचे और झड़प में संलिप्त कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।