Edited By Punjab Kesari,Updated: 24 Jun, 2017 11:31 AM
सैक्टर-25 स्थित पंजाब विश्वविद्यालय के रिहाइशी क्षेत्र में एक निर्माणाधीन इमारत के कमरे में शुक्रवार सुबह एक मजदूर अचेत हालत में मिला।
चंडीगढ़(संदीप) : सैक्टर-25 स्थित पंजाब विश्वविद्यालय के रिहाइशी क्षेत्र में एक निर्माणाधीन इमारत के कमरे में शुक्रवार सुबह एक मजदूर अचेत हालत में मिला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मजदूर को अस्पताल पहुंचाया जहां डाक्टरों ने जांच के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। मजदूर की शिनाख्त मकरू (40) के तौर पर हुई है जो मूलरूप से बिहार का रहने वाला था और कुछ जानकारों के साथ यहां काम पर आया था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद जानकारों के हवाले कर दिया।
पुलिस जांच में पाया गया कि मौत किसी तरह की चोट या जहरीले पदार्थ के सेवन से नहीं हुई है। मौत का असली कारण जानने के लिए पुलिस ने शव का विसरा सी.एफ.एस.एल. लैब भेज दिया है। जानकारी के अनुसार मकरू यहां निर्माणाधीन इमारत में बने कमरे में सोता था। शुक्रवार सुबह उसके पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने देखा कि मकरू 10 बजे तक कमरे में अचेत हालत में पड़ा है।