Edited By Punjab Kesari,Updated: 02 Jan, 2018 02:15 AM
नये साल के पहले ही दिन देश की राजधानी दिल्ली पुरी तरह जाम में फंस गई। नए साल का जश्न मनाने के लिए करीब एक दो लोगों के इंडिया गेट पर पहुंचने के कारण मध्य दिल्ली में भीषण जाम लग गया। इंडिया गेट और उसके आस-पास अप्रत्याशित भीड़ की वजह से चारों तरफ...
नेशनल डेस्क: नये साल के पहले ही दिन देश की राजधानी दिल्ली पुरी तरह जाम में फंस गई। नए साल का जश्न मनाने के लिए करीब दो लाख लोगों के इंडिया गेट पर पहुंचने के कारण मध्य दिल्ली में भीषण जाम लग गया। इंडिया गेट और उसके आस-पास अप्रत्याशित भीड़ की वजह से चारों तरफ अफरातफरी का माहौल है। दिल्ली पुलिस ने दिल्ली वालों से इंडिया गेट और इसके आस-पास के इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है।
दिल्ली पुलिस ने एक बयान में कहा कि इंडिया गेट के आस-पास बड़ी तादाद में गाड़ियां मौजूद हैं। पास में कोई भी पार्किंग की सुविधा उपलब्ध नहीं है। ऐसे में लोगों को सलाह दी गई है कि वे इंडिया गेट के आस-पास जाने से बचें और किसी दूसरे वैकल्पिक मार्ग से आगे का सफर करें। कनॉट प्लेस, मंडी हाउस, अशोक रोड के पास भी भारी जाम की स्थिति बनी हुई है। इसके अलावा दिल्ली पुलिस ने लाजपत नगर फ्लाईओवर पर जाने से भी बचने की सलाह दी है।
छतरपुर मंदिर और साई मंदिर के आसपास के इलाके में भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से जाम की स्थिति बन सकती है, इसलिए लोगों से उस इलाके में जाने से बचने को कहा गया है। RML अस्पताल, बाबा खड़क सिंह मार्ग और GPO के पास भी काफी ट्रैफिक है। यहां बड़ी संख्या में लोग बंगला साहिब गुरुद्वारा दर्शन के लिए पहुंचे हैं।