Edited By ,Updated: 19 Jun, 2015 03:32 AM
देर शाम मकसूदां मंडी में स्थित सतनिमां लवली ढाबे में किसी बात को लेकर पैदा हुए विवाद के बाद हथियारबंद ...
जालंधर (शौरी, प्रीत): देर शाम मकसूदां मंडी में स्थित सतनिमां लवली ढाबे में किसी बात को लेकर पैदा हुए विवाद के बाद हथियारबंद व्यक्तियों ने ढाबा संचालक बाप-बेटे व उनके कर्मचारी पर लोहे की रॉड से हमला तक किया। इस दौरान ढाबा संचालक ने 2 फायर तक किए जिस कारण इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
हमलावर ढाबा संचालक की लाइसैंसी रिवाल्वर भी साथ ले गए। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची थाना नं. 1 की पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और साथ ही सिविल अस्पताल में उपचाराधीन घायलों से पूछताछ के लिए ए.सी.पी. नॉर्थ आई.पी.एस. अधिकारी अमनीत कौंडल व इंस्पैक्टर बलवीर सिंह पहुंचे।
घायल परमजीत सिंह निवासी ग्रेटर कैलाश ने बताया कि उनके ढाबे में दोपहर के समय 2 व्यक्ति खाने के लिए आए और बिल मांगने पर उन्हें पक्का बिल देने को लेकर विवाद करने लगे और साथ ही उन्हें धमकियां तक देकर चले गए। उक्त व्यक्तियों में से एक अपने आप को पुलिस कर्मचारी तो दूसरा वकील बता रहा था। परमजीत सिंह के अनुसार देर शाम खुद को पुलिस वाला बताने वाला अपने अन्य साथियों के साथ दोबारा ढाबे में आकर विवाद करने लगा और देखते ही देखते उसने लोहे की रॉड से उस पर हमला किया।
उसे बचाने पर हमलावरों ने उसके पिता मोहन सिंह व ढाबे पर काम करने वाले सतीश पर हमला किया। इसके बाद उसने खुद को बचाने के लिए अपनी लाइसैंसी रिवाल्वर से 2 हवाई फायर तक किए। घायल परमजीत सिंह ने बताया कि हमलावरों ने उसे धक्का देकर गिराया और उसकी रिवाल्वर भी साथ ले गए। वहीं इंस्पैक्टर बलवीर सिंह का कहना था कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायलों के बयान दर्ज करने के साथ बनती कानूनी कार्रवाई की जाएगी।