Edited By ,Updated: 27 May, 2016 06:32 PM
वित्त मंत्री अरुण जेटली रविवार को छह दिन की जापान यात्रा पर जा रहे हैं। उनकी इस यात्रा का मकसद दोनों एशियाई भागीदारों के बीच द्विपक्षीय आर्थिक सहयोग को मजबूत करना ...
नई दिल्ली: वित्त मंत्री अरुण जेटली रविवार को छह दिन की जापान यात्रा पर जा रहे हैं। उनकी इस यात्रा का मकसद दोनों एशियाई भागीदारों के बीच द्विपक्षीय आर्थिक सहयोग को मजबूत करना और दोनों देशों के उद्योगों के बीच सहयोग बढ़ाना है।
वित्त मंत्री की इस यात्रा के महत्व का पता इस दौरान आयोजित की जाने वाली कई बैठकों से चलता है। इससे दोनों देशों के उद्योगों के बीच बातचीत को तेज किया जा सकेगा। एक जून को वित्त मंत्री जापानी कंपनियों के मुख्य कार्यकारियों के साथ गोलमेज में भाग लेंगे। इसके अलावा उनकी राष्ट्रीय निवेश एवं बुनियादी ढांचा कोष एनआईआईएफ पर बैंकों, बीमा कंपनियों तथा संपत्ति प्रबंधन कंपनियों के साथ बैठक होगी।
एक जून को जेटली कोब में ‘द इंडिया क्लब’ में जापान में बसे भारतीयों के साथ परिचर्चा करेंगे। वित्त मंत्री ओसाका विश्वविद्यालय में व्याख्यान भी देंगे। 2 जून को वह सीआईआई द्वारा आयोजित भारत निवेश संवद्र्धन संगोष्ठी में हिस्सा लेंगे। उद्योग मंडल फिक्की ने कहा कि जेटली के साथ सीईओ के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल की जापान यात्रा ऐसे समय हो रही है जबकि भारत मजबूत वृद्धि की राह पर है। यहां मूल्य स्थिति संतोषजनक है, चालू खाते का घाटा निचले स्तर पर है।