Edited By Rahul Singh,Updated: 22 Nov, 2026 12:04 PM

बजाज ऑटो जल्द ही भारतीय बाजार में अपनी लोकप्रिय बाइक Bajaj Pulsar 125 का एक किफायती वेरिएंट उतारने की तैयारी कर रही है। हाल ही में इस बाइक को डीलरशिप पर देखा गया है, जिससे इसके जल्द लॉन्च होने के संकेत मिल रहे हैं।
Auto News : बजाज ऑटो जल्द ही भारतीय बाजार में अपनी लोकप्रिय बाइक Bajaj Pulsar 125 का एक किफायती वेरिएंट उतारने की तैयारी कर रही है। हाल ही में इस बाइक को डीलरशिप पर देखा गया है, जिससे इसके जल्द लॉन्च होने के संकेत मिल रहे हैं। सामने आई तस्वीरों से पता चलता है कि कंपनी ने इसके क्लासिक डिजाइन को बरकरार रखते हुए इसे नए कलर और आकर्षक ग्राफिक्स के साथ पेश करने की योजना बनाई है।
पारंपरिक और मस्कुलर डिजाइन रखा गया है बरकरार
नई Pulsar 125 Neon अपने पुराने और जाने-पहचाने Pulsar लुक के साथ ही नजर आती है। इसमें मस्कुलर फ्यूल टैंक, स्कल्प्टेड टैंक एक्सटेंशन और बिकिनी फेयरिंग दी गई है। हेडलैंप के ऊपर एक छोटा टिंटेड वाइजर मौजूद है और फ्यूल टैंक पर 'Pulsar' की बैजिंग देखी जा सकती है। बॉडीवर्क में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है, जिससे साफ है कि कंपनी इस वेरिएंट की पुरानी पहचान को कायम रखना चाहती है।
रेड और ब्लू ग्राफिक्स के साथ दो नए कलर ऑप्शन
स्पाई तस्वीरों में बाइक दो नए कलर कॉम्बिनेशन में दिखाई दी है। पहले विकल्प में ब्लैक बेस कलर के साथ रेड और सिल्वर ग्राफिक्स दिए गए हैं, जबकि दूसरे विकल्प में ब्लू और सिल्वर हाइलाइट्स मिलते हैं। ये ग्राफिक्स टैंक काउल्स से लेकर पीछे के बॉडी पैनल तक फैले हुए हैं और अलॉय व्हील्स के रिम पर भी मैचिंग कलर एक्सेंट देखने को मिलते हैं। पुराने Neon मॉडल की तुलना में इसमें ज्यादा ग्राफिक्स जोड़े गए हैं।
रोजमर्रा के इस्तेमाल के हिसाब से आरामदायक फीचर्स
बाइक में लंबी सिंगल-पीस सीट और पारंपरिक पिलियन ग्रैब रेल दी गई है, जो इसे फैमिली और रोजमर्रा के सफर के लिए व्यावहारिक बनाती है। इसमें ब्लैक फिनिश एग्जॉस्ट के साथ अलग रंग की हीट शील्ड, बड़ा साड़ी गार्ड और रियर मडगार्ड पर नंबर प्लेट होल्डर नजर आता है। हालांकि, इसमें अंडरबेली इंजन काउल नहीं दिया गया है।
सस्पेंशन, ब्रेकिंग और इंजन की जानकारी
इस वेरिएंट में आगे की तरफ टेलिस्कोपिक फोर्क और पीछे ट्विन-शॉक एब्जॉर्बर सस्पेंशन दिया गया है, जो इसे नई जनरेशन के मोनोशॉक सेटअप से अलग बनाता है। बाइक में अलॉय व्हील्स के साथ फ्रंट डिस्क ब्रेक, रियर ड्रम ब्रेक और बंद चेन कवर मिलता है।
लाइटिंग की बात करें तो क्लियर हाउसिंग वाले हैलोजन इंडिकेटर्स और पीछे ट्विन-स्ट्रिप टेल-लैंप सिस्टम देखा गया है, हालांकि हेडलैंप तकनीक और इंस्ट्रूमेंट कंसोल की स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है। इंजन के मोर्चे पर इसमें 124.4cc का सिंगल-सिलेंडर, एयर-कूल्ड इंजन और 5-स्पीड गियरबॉक्स मिलने की उम्मीद है, जो 11.8 PS की पावर और 10.8 Nm का टॉर्क जनरेट करता है।
कितनी हो सकती है कीमत?
डीलरशिप पर बाइक के पहुंचने से इसकी जल्द लॉन्चिंग की उम्मीद बढ़ गई है, हालांकि कंपनी की ओर से अभी आधिकारिक तारीख या कीमत का ऐलान नहीं किया गया है। साल 2019 में जब पुरानी Bajaj Pulsar 125 Neon लॉन्च हुई थी, तब इसकी शुरुआती कीमत 64,000 रुपये थी। अनुमान है कि नए मॉडल की कीमत करीब 90,494 रुपये (एक्स-शोरूम) के आसपास रखी जा सकती है।