भारत में जल्द लॉन्च होगी नई Mini Cooper Electric, 402 KM की मिलेगी रेंज

Edited By Updated: 17 Nov, 2026 04:00 PM

new mini cooper electric to launch soon in india

लग्जरी कार निर्माता Mini भारतीय बाजार में अपनी नई इलेक्ट्रिक हैचबैक Mini Cooper Electric पेश करने की तैयारी में है। कंपनी ने इस नई इलेक्ट्रिक कार के लिए बुकिंग शुरू कर दी है। नई जनरेशन Cooper SE को पहले के मुकाबले ज्यादा क्षमता वाली बैटरी, लंबी...

नई दिल्ली। लग्जरी कार निर्माता Mini भारतीय बाजार में अपनी नई इलेक्ट्रिक हैचबैक Mini Cooper Electric पेश करने की तैयारी में है। कंपनी ने इस नई इलेक्ट्रिक कार के लिए बुकिंग शुरू कर दी है। नई जनरेशन Cooper SE को पहले के मुकाबले ज्यादा क्षमता वाली बैटरी, लंबी ड्राइविंग रेंज और नए डिजाइन के साथ उतारा जाएगा। कंपनी के मुताबिक, इस कार को 27 नवंबर को भारतीय बाजार में लॉन्च किया जाएगा। खास बात यह है कि नई कार एक बार फुल चार्ज होने पर 402 किलोमीटर तक चलने में सक्षम होगी।

27 नवंबर को होगी नई Mini की लॉन्चिंग

Mini ने सेकेंड जनरेशन Cooper SE के लिए बुकिंग लेना शुरू कर दिया है। इसके साथ ही कंपनी की Paul Smith Edition रेंज के तहत आने वाली Cooper SE, Cooper S और Cooper Convertible के लिए भी बुकिंग की सुविधा शुरू की गई है। इन सभी नए मॉडल को 27 नवंबर को भारत में पेश किया जाएगा। इस लॉन्च के जरिए कंपनी भारतीय बाजार में अपनी इलेक्ट्रिक और स्पेशल एडिशन कारों की रेंज का विस्तार करेगी।

पहले से ज्यादा आकर्षक हुआ नई Mini Cooper SE का डिजाइन

नई Mini Cooper SE को पहली बार साल 2023 में ग्लोबल मार्केट में पेश किया गया था। इसके एक्सटीरियर में पहले के मुकाबले कई बदलाव किए गए हैं। नई कार को ज्यादा शार्प और क्लीन डिजाइन दिया गया है, जबकि Mini की पारंपरिक डिजाइन पहचान को भी बरकरार रखा गया है। नई जनरेशन मॉडल में केवल लुक ही नहीं बदला गया है, बल्कि इसके बैटरी पैक और इलेक्ट्रिक पावरट्रेन को भी अपग्रेड किया गया है। इन बदलावों के चलते कार की ड्राइविंग रेंज में भी बढ़ोतरी हुई है।

54.2kWh की बैटरी, 402 KM की रेंज

नई Mini Cooper SE में 54.2kWh क्षमता का बैटरी पैक दिया गया है। इसकी तुलना में पुराने मॉडल में 32.6kWh की बैटरी मिलती थी। नई बैटरी के साथ कार की दावा की गई WLTP रेंज 402 किलोमीटर है, जबकि पिछली जनरेशन की रेंज 270 किलोमीटर थी। यानी नई कार की रेंज में 132 किलोमीटर का इजाफा हुआ है। इस इलेक्ट्रिक हैचबैक में फ्रंट-माउंटेड इलेक्ट्रिक मोटर दी गई है, जो 218hp की पावर और 330Nm का टॉर्क जनरेट करती है। कंपनी के अनुसार, यह कार महज 6.7 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है। इसकी टॉप स्पीड 170 किलोमीटर प्रति घंटा है।

AC और DC फास्ट चार्जिंग का मिलेगा विकल्प

चार्जिंग के लिए नई Mini Cooper SE में AC और DC दोनों विकल्प दिए गए हैं। यह कार 7.4kW AC चार्जिंग को सपोर्ट करती है। इसके जरिए बैटरी को 0 से 100 प्रतिशत तक चार्ज करने में करीब 7 घंटे 45 मिनट का समय लगता है। वहीं, इसमें 95kW DC फास्ट चार्जिंग की सुविधा भी मिलती है। कंपनी का दावा है कि फास्ट चार्जर की मदद से बैटरी को महज 30 मिनट में 10 से 80 प्रतिशत तक चार्ज किया जा सकता है।

इंटीरियर में मिलेगी 9.45 इंच की OLED स्क्रीन

नई Mini Cooper SE के केबिन को भी पहले से ज्यादा आधुनिक बनाया गया है। इसके डैशबोर्ड के बीच में 9.45 इंच की गोल OLED इंफोटेनमेंट टचस्क्रीन दी गई है। इसके अलावा कार में तीन-स्पोक स्टीयरिंग व्हील और फैब्रिक अपहोल्स्ट्री वाला इंटीरियर मिलता है। फीचर्स की बात करें तो इसमें डुअल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, हीटेड फ्रंट सीट्स, पैनोरमिक सनरूफ और वायरलेस चार्जिंग पैड जैसे फीचर्स दिए गए हैं। सेंटर कंसोल में फिजिकल कंट्रोल्स भी मौजूद हैं, जिससे ड्राइवर को जरूरी फंक्शन इस्तेमाल करने में आसानी होती है।

सेफ्टी के लिए मिल सकते हैं ये फीचर्स

सेफ्टी के लिहाज से नई Mini Cooper SE में 6 एयरबैग, 360-डिग्री कैमरा और ADAS जैसे फीचर्स मिलने की संभावना है। हालांकि, भारतीय बाजार में लॉन्च होने वाले मॉडल के फीचर्स और वेरिएंट से जुड़ी पूरी जानकारी कंपनी लॉन्च के दौरान सामने ला सकती है।

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!